
Noida News (चेतना मंच)। थाना सेक्टर 113 पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी ने बच्ची को अकेले में ले जाकर अश्लील हरकतें की थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके साथ काम करने वाला संतोष पुत्र सीताराम उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर सेक्टर 117 की ग्रीन बेल्ट में ले गया। यहां पर उसने बच्ची के साथ अश्लील हरकतें की। बच्ची के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। घर आकर बच्ची ने संतोष की हरकतों की जानकारी परिजनों को दी। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ व पोस्को एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई। मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे सेक्टर 74-75 चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना ईकोटेक 3 पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित चल रहे पति सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में मृतका की सास भी शामिल है। थाना प्रभारी सुनील दत्त ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर दहेज हत्या के मामले में वांछित चल रहे नबील अहमद, शाहिद, अहमद उर्फ बबलू व हसीना खातून को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज था। थाना प्रभारी ने बताया कि नबील अहमद ने अपने परिजनों के साथ मिलकर अपनी नवविवाहिता पत्नी मुस्कान सैफी की हत्या कर दी थी। मृतका के पिता का आरोप था कि आरोपियों ने हत्या के बाद उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया था। इस संबंध में मुस्कान सैफी के पिता ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।