
Noida News: थाना सेक्टर 63 पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से लूटेरा घायल हो गया। पकड़े गए लुटेरे ने लूट की दर्जनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
एडीसीपी विशाल पांडे ने बताया कि थाना सेक्टर-63 प्रभारी अमित कुमार मान पुलिस बल के साथ छीजारसी के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। बाइक सवार पुलिस को देख कर भाग निकला। पीछा करने पर उसने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह बाइक समेत गिर पड़ा जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम सुरेश उर्फ चिंटू पुत्र गंगाराम निवासी आगरा बताया। पकड़ा गया आरोपी हाल में छीजारसी में किराये पर कमरा लेकर रह रहा है। इसके पास से तमंचा, कारतूस व चोरी की पल्सर बाइक बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए बदमाश के खिलाफ एक दर्जन अभियोग पंजीकृत हैं। सुरेश उर्फ चिंटू के अपराधिक इतिहास की पड़ताल की जा रही है। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।