
Noida News (चेतना मंच)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर बनाये जाने की कल्पना को साकार करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि भारत को एक विकसित राष्ट्र एवं प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने की मुख्यमंत्री की संकल्पना को पूर्ण किये जाने के लिए भारत सरकार के कार्यान्वयन मंत्रालय एवं प्रदेश सरकार के अर्थ एवं संख्या प्रभाग द्वारा विभिन्न सामाजिक, आर्थिक सर्वेक्षण का कार्य कराया जा रहा है। सरकार द्वारा किसी भी योजना को बनाने व लागू करने के लिए यह जानना अति आवश्यक होता है कि आम नागरिक की उस योजना के सापेक्ष क्या स्थिति है।
डीएम ने कहा कि सरकार योजनाओं को बनाने में आम जन की आवश्कताओं व अपेक्षाओं को ध्यान में रखती है। इसके लिये भारत सरकार व राज्य सरकार समय समय पर विभिन्न प्रकार के सर्वेक्षण कराती रहती है। इन सर्वेक्षणों के माध्यम से ही कई अहम जानकारियाँ एकत्रित की जाती हैं, जिससे भविष्य में सरकार द्वारा जनहित में नीतियाँ बनाई जाती हैं, इसलिए यह अति आवश्यक हो जाता है कि हम सरकार को सही आँकड़े उपलब्ध कराएं ताकि भविष्य में ऐसी योजनाएं लागू हो सकें, जिससे जनता को सीधा लाभ प्राप्त हो सके।
सर्वेक्षण में जानकारी देने वाले व्यक्ति का नाम सदैव गुप्त रखा जाता हैं। सर्वेक्षण से प्राप्त समस्त आंकड़ों का इस्तेमाल सदैव सामाजिक स्तर पर ही किया जाता है, किसी व्यक्ति विशेष या संस्था विशेष के लिए नहीं। उन्होने कहा कि जनपद में चल रहे सर्वेक्षणों में ज्यादा से ज्यादा सही जानकारी देने का प्रयास करें।
उन्होंने उपस्थित विभिन्न अधिकारियों को निर्देशित किया कि आप सभी अपने स्तर से भी सभी को इस विषय पर जागरूक करें, जिससे आमजनमानस द्वारा दी गई जानकारी सरकार द्वारा बनाई जाने वाली योजनाओं में कारगर साबित हो सके। कार्यशाला में मुख्य विकास अधिकारी जनार्दन सिंह, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या मेरठ मण्डल मेरठ जितेन्द्र कुमार ने भी अपने विचार रखे। Noida News