
Noida To Ayodhya Bus Service : नोएडा। आगामी 22 जनवरी को राम की नगरी अयोध्या में नव निर्मित दिव्य और भव्य श्रीराम मंदिर का उदघाटन होगा और पांच साल की बाल्याकाल वाली अवस्था की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। अयोध्या में हो रहे भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह का हर कोई साक्षी बनना चाहता हैं। यदि आप भी अयोध्या जाने का प्लान बना रहे हैं तो आपको नोएडा से अयोध्या के लिए सीधी बस सेवा उपलब्ध होगी।
आपको बता दें कि नोएडा से अयोध्या जाना बेहद ही आसान है। आप बिना किसी झंझट के सीधे अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे। इसके लिए नोएडा के उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने विशेष सेवा की शुरुआत की है। 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह और रामलला के दर्शन के लिए नोएडा से सामान्य यात्रियों के लिए 25 बसें लगाई जाएगी। यदि आप रोडवेज की पूरी बस बुक करना चाहता हैं तो इसकी सुविधा भी नोएडा के रोडवेज विभाग द्वारा दी जा रही है।
नोएडा में यूपी रोडवेज डिपो के एआरएम एनपी सिंह के अनुसार अयोध्या की बस की बुकिंग के लिए रोडवेज ने हेल्पलाइन नंबर 9625559228 जारी किया है। इस नंबर पर संपर्क करके अयोध्या के लिए बस को बुक किया जा सकता है। बस सेवा का लाभ 24 घंटे या उससे अधिक समय के लिए भी लिया जा सकता है। विभाग के इस फैसले से लोगों को आराम मिलेगा और निजी बसों के मनमाने किराया वसूली से भी राहत रहेगी। इसके साथ ही बस में सफर करने वाले सभी 52 यात्रियों का पांच लाख का दुर्घटना बीमा भी दिया जाएगा। न्यूनतम किराये में ही यात्रा करने की सुविधा दी जाएगी।
नोएडा के अलावा यूपी के मेरठ से भी अयोध्या के लिए सीधी बस सेवा उपलबध है। यदि आप मेरठ या इसके आसपास के रहने वाले हैं और अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करना चाहते हैं तो अयोध्या जाने के लिए मेरठ से सीधी बस सेवा का लाभ उठा सकते हैं।
मेरठ के सोहराब गेट रोडवेज बस स्टैंड से अयोध्या के लिए रोजाना पांच बसों का संचालन किया जा रहा है। सोहराब गेट बस स्टेशन प्रभारी आसिफ अली के अनुसार, अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मेरठ से पांच बजे चलाई जाती है। सुबह 9:00 बजे पहली बस रवाना होती है। इसके बाद दोपहर 12:00 बजे, 3:00 बजे शाम 5:00 बजे और फिर रात 9:00 बजे बस का संचालन किया जाता है। वहीं शासन द्वारा निर्धारित किराए के अनुसार यात्री से 916 रुपये मेरठ से अयोध्या के लिए किराया लिया जाता है।
मेरठ से अयोध्या के लिए रवाना होने वाली बस की रुट की बात करें तो मेरठ से संचालित होने वाली बस गढ़, बृजघाट जोया, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, बाराबंकी तथा फैजाबाद होते हुए अयोध्या तक जाती है।