नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-38ए में जीआईपी मॉल और बॉटनिकल गार्डन मल्टीलेवल पार्किंग के बीच आधुनिक स्ट्रीट फूड मार्केट विकसित कर ली है। इसके अलावा स्काईमार्क के समीप 'नोएडा-6' नाम से एक नया फूड एवं एंटरटेनमेंट हब भी तैयार किया गया है।

Noida News : नोएडा शहरवासियों को जल्द ही घूमने-फिरने, स्ट्रीट फूड का आनंद लेने और परिवार व दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए दो नए आकर्षक ठिकाने मिलने वाले हैं। नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-38ए में जीआईपी मॉल और बॉटनिकल गार्डन मल्टीलेवल पार्किंग के बीच आधुनिक स्ट्रीट फूड मार्केट विकसित कर ली है। इसके अलावा स्काईमार्क के समीप 'नोएडा-6' नाम से एक नया फूड एवं एंटरटेनमेंट हब भी तैयार किया गया है। दोनों परियोजनाओं के संचालन के लिए निजी एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। एजेंसी तय होते ही दोनों स्थान आम लोगों के लिए खोल दिए जाएंगे। Noida News
सेक्टर-38ए स्थित जीआईपी मॉल और बॉटनिकल गार्डन मल्टीलेवल पार्किंग के बीच विकसित स्ट्रीट फूड मार्केट में कुल 22 छोटे-बड़े कियोस्क बनाए गए हैं। यहां खाने-पीने के आउटलेट्स के साथ खरीदारी और आगंतुकों के बैठने की भी समुचित व्यवस्था की गई है। इस परियोजना पर करीब तीन करोड़ रुपये की लागत आई है। प्राधिकरण का उद्देश्य इस स्थान को ऐसा जीवंत सार्वजनिक स्पेस बनाना है, जहां लोग केवल स्ट्रीट फूड का स्वाद ही नहीं, बल्कि परिवार और मित्रों के साथ आरामदायक माहौल में समय भी बिता सकें। उम्मीद है कि यह स्थान स्थानीय लोगों के साथ-साथ नोएडा आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। Noida News
स्काईमार्क के पास विकसित 'नोएडा-6' को इंदौर के लोकप्रिय '56 मार्केट' की अवधारणा से प्रेरित होकर तैयार किया गया है। यहां छह आधुनिक फूड कियोस्क स्थापित किए गए हैं, जहां विभिन्न प्रकार के फूड आउटलेट संचालित किए जाएंगे। आगंतुकों की सुविधा के लिए 100 से अधिक वाहनों की क्षमता वाली सरफेस पार्किंग भी विकसित की गई है। इस परियोजना पर करीब 2.23 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। Noida News
नोएडा प्राधिकरण दोनों फूड हब के संचालन और प्रबंधन की जिम्मेदारी निजी कंपनी को सौंपेगा। चयनित एजेंसी कियोस्क का आवंटन करेगी और इसके बदले प्राधिकरण को मासिक किराया अदा करेगी। इससे जहां एक ओर दोनों परियोजनाओं का पेशेवर संचालन सुनिश्चित होगा, वहीं प्राधिकरण को नियमित राजस्व भी प्राप्त होगा। इन दोनों परियोजनाओं के शुरू होने के बाद नोएडा में आधुनिक स्ट्रीट फूड संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और शहरवासियों को मनोरंजन, खानपान और सामाजिक मेलजोल के लिए नए सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होंगे। Noida News
विज्ञापन