Noida Traffic Advisory : उत्तर प्रदेश के अयोध्या में हो रहे श्रीराम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर पूरे देश में कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी अनेकों कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी के तहत रविवार को नोएडा में विश्व हिन्दू परिषद की ओर से कार व बाइक रैली निकाली जाएगी। विहिप कार्यकर्ताओं द्वारा वाहन रैली निकाले जाने के कारण नोएडा शहर में कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन सकती है।
Noida Traffic Advisoryनोएडा शहर में विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली जाने वाली कार बाइक जन जागरण यात्रा को लेकर नोएडा की ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायर्वजन किया है। विश्व हिन्दू परिषद नोएडा महानगर की ओर से निकाली जाने वाली कार/बाइक जन जागरण यात्रा नोएडा के सेक्टर 33 स्थित शिल्प हॉट से सुबह 11 बजे शुरू होगी। जिसके बाद यह जन जागरण यात्रा एनटीपीसी अण्डरपास से निठारी गांव, सेक्टर 28 कार मार्किट के सामने से यू-टर्न लेकर अट्टा चौक, सेक्टर 18 मार्किट होते हुए अट्टापीर चौक, रजनीगंधा चौक, नयाबांस, हरौला, सेक्टर 09, टेलीफोन एक्सचेंज चौक, स्टेडियम चौक, सेक्टर 12/22 चौडा मोड, शिव मन्दिर सेक्टर 22, रजत विहार, बिशनपुरा से टीवीएस शोरूम से दाहिने मुडकर सेक्टर 57 चौक होते हुए गिझौड चौक से वापस नोएडा शिल्प हॉट सैक्टर 33 नोएडा पर समाप्त होगी।
नोएडा की यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से उक्त मार्गों पर यातायात असुविधा उत्पन्न हो सकती है। असुविधा से बचने के लिए वाहन चालक यातायात हेल्प लाइन नम्बर 9971009001 पर सम्पर्क कर सकते है। ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गाें का प्रयोग करे।