
Noida News : शुक्रवार को दिनदहाड़े एक युवक से मोबाइल फोन लूटकर भाग रहे शातिर पव्वा गैंग के दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। इनके पास से लूटे गए मोबाइल फोन तमंचे कारतूस व बाइक बरामद हुई है।
एडीसीपी विशाल पांडे ने बताया कि एक व्यक्ति ने सूचना दी कि बाइक सवार दो युवक तमंचे के बल पर उसका मोबाइल फोन लूट कर ले गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने जगह-जगह नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। वाइस सिटी चौकी के पुस्ता पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया तो पुलिस को देखकर बाइक सवार दोनों युवक भाग निकले। पुलिस के पीछा करने पर बाइक सवारों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वह बाइक से गिर गए।
इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को दबोच लिया। तलाशी में इनके पास से 6 मोबाइल फोन, तमंचे, कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम रितिक गुप्ता उर्फ पव्वा पुत्र विजय गुप्ता निवासी कोट गांव जिला गाजियाबाद व प्रेम कुमार पुत्र पवन निवासी राकेश मार्ग गाजियाबाद बताया।
एडीसीपी ने बताया कि पकड़ा गया रितिक उर्फ पव्वा शातिर बेहद शातिर है और अपने साथियों के साथ मिलकर यह लूट और झपटमारी की वारदात को अंजाम देता है। दोनों आरोपी गाजियाबाद से बाहर निकलकर दिनदहाड़े लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। पकड़े गए बदमाशों के अपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।