
Noida Weather Today : उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर में एक बार फिर से कोहरे ने अपना प्रचंड रुप दिखाया है। शुक्रवार की सुबह नोएडा पूरी तरह से कोहरे की सफेद चादर से ढका हुआ नजर आया है। हाल यह है कि मात्र दस मीटर की दूरी का कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है और सड़कों पर वाहन रेंग रेंग कर चलते हुए नजर आए।
आपको बता दें कि गुरुवार को भी नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत पूरे एनसीआर में दोपहर के समय धूप निकली थी, जिसके बाद लोग कहने लगे थे कि अब मौसम में कुछ सुधार होगा। लेकिन शुक्रवार की तड़के से पहले हल्की धुंध पड़ना शुरू हुई और सुबह साढ़े पांच बजते ही कोहरे ने विकराल रुप धारण कर लिया। कोहरे की सफेद चादर ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया है। हालांकि आज शीतलहर कम चल रही है।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कोहरा ही कोहरा होने के कारण यातायात पर पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। सड़कों पर वाहनों की स्पीड बेहद ही कम हो गई है। जो वाहन सड़कों पर चल रहे हैं वह भी रेंग रेंग कर ही चल रहे हैं। कोहरे के कारण गणतंत्र दिवस की तैयारियों में लगे सरकारी, गैर सरकारी अफसरों और कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नोएडा की पुलिस लाइन में होने वाली परेड़ की तैयारियों पर भी इसका असर दिखाई दे रहा है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली में गुरुवार का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक रहा। राजधानी दिल्ली में भी शुक्रवार की सुबह घना कोहरा दिखाई दिया।