नोएडा के सेक्टर-51 स्थित वेडिंग विला बैंक्वेट हॉल में लिफ्ट हादसे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक्वेट हॉल के संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में लिफ्ट के रखरखाव में लापरवाही और मौके पर लिफ्टमैन की तैनाती नहीं होने की बात सामने आई है।

Noida News : नोएडा के सेक्टर-51 स्थित वेडिंग विला बैंक्वेट हॉल में लिफ्ट हादसे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक्वेट हॉल के संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में लिफ्ट के रखरखाव में लापरवाही और मौके पर लिफ्टमैन की तैनाती नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि समय रहते राहत अभियान चलाकर लिफ्ट में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। Noida News
यह घटना गुरुवार देर रात उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल द्वारा आयोजित ‘पांचवें व्यापारी कल्याण दिवस’ कार्यक्रम के दौरान हुई। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, गौतमबुद्ध नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब कुछ लोग ऊपरी मंजिल से लिफ्ट के जरिए नीचे आ रहे थे, तभी लिफ्ट अचानक बीच में खराब होकर नीचे आ गई और उसके अंदर मौजूद लोग फंस गए। घटना से बैंक्वेट हॉल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-49 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने आपातकालीन चाबी (इमरजेंसी की) की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोलकर अंदर फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। Noida News
थाना सेक्टर-49 के प्रभारी निरीक्षक ग्राम प्रसाद शर्मा ने बताया कि सेक्टर-51 चौकी प्रभारी आशु चौधरी की शिकायत के आधार पर वेडिंग विला बैंक्वेट हॉल के संचालक विनोद अरोड़ा, प्रबंधक अश्विनी शर्मा तथा एक अन्य जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 289 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि बैंक्वेट हॉल की लिफ्ट का नियमित रखरखाव नहीं कराया जा रहा था। इसके अलावा लिफ्ट संचालन के लिए आवश्यक लिफ्टमैन भी तैनात नहीं था। पुलिस का मानना है कि यह गंभीर लापरवाही थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Noida News
विज्ञापन