
Noida News (चेतना मंच)। पति द्वारा मायके भेजने से इंकार करने पर गुस्साई पत्नी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला फ्लाइट से अपने मायके भोपाल जाना चाहती थी लेकिन उसके पति ने उसे भेजने से इंकार कर दिया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि सेक्टर 19 निवासी रोहित मीणा शुक्रवार को अपनी पत्नी ज्योति मीणा को गंभीर स्थिति में कैलाश अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रोहित मीणा ने चिकित्सकों को बताया कि उसकी पत्नी ने फांसी लगा ली थी। अस्पताल से सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि रोहित मीणा की शादी दिसंबर 2021 में भोपाल निवासी ज्योति मीणा के साथ संपन्न हुई थी। शादी के बाद भी ज्योति मीणा एमबीए की पढ़ाई कर रही थी और वह फाइनल ईयर की छात्रा थी। ज्योति पिछले कुछ दिनों से अपने घर भोपाल जाने के लिए कह रही थी। इसके लिए उसने कई बार अपने पति से फ्लाइट की टिकट बुक कराने को कहा। रोहित मीणा ने उसे मायके भेजने से इनकार कर दिया।
रोहित ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने काम पर चला गया। शाम के समय जब वह वापस घर लौटा तो उसे ज्योति फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। उसने ज्योति को फंदे से उतारा और अस्पताल ले गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। इस संबंध में परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। परिजन अगर तहरीर देते हैं तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।