हर खबर अब एक क्लिक पर, चेतना मंच पर मिलेगी अपराध की दैनिक अपडेट
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 11:55 AM
पुलिस प्रशासन की लगातार कोशिशों और सख्त निगरानी के बावजूद अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और आसानी से फरार भी हो जाते हैं। ऐसे में सिर्फ कानून व्यवस्था पर निर्भर रहना काफी नहीं बल्कि समाज को भी सजग और संगठित होने की जरूरत है।इन्हीं चिंताओं को ध्यान में रखते हुए 'चेतना मंच' ने एक अहम जिम्मेदारी उठाई है। क्षेत्र में हो रहे अपराधों की हर जानकारी को सटीक, निर्भीक और समय पर जनता तक पहुंचाना। Noida Crime News
मकान से चार मोबाइल चोरी
नोएडा के थाना फेस-2 क्षेत्र के याकूबपुर गांव में चोरों ने एक मकान से चार मोबाइल फोन चोरी कर लिए। चोरी की यह पूरी घटना मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। मूल रूप से जनपद एटा निवासी विवेक कुमार अपने तीन अन्य भाइयों के साथ याकूबपुर गांव में किराए पर रह रहा है। चारों भाई मेहनत मजदूरी कर अपना भरण पोषण कर रहे हैं। 22 अगस्त की रात्रि को चारों भाई अपने कमरे में सोए हुए थे और उनका दरवाजा खुला हुआ था। देर रात्रि अज्ञात चोर उनके कमरे में घुसा और चारों भाइयों के मोबाइल फोन को चोरी कर ले गया। सुबह उठने पर चारों भाइयों को अपने मोबाइल फोन गायब मिले। उन्होंने अपने फोन की तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। फुटेज में एक व्यक्ति उनके कमरे से मोबाइल फोन चोरी कर ले जाता हुआ दिखाई दिया। विवेक कुमार ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित ने इस मामले से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी थाना फेस 2 पुलिस को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
बाइक सवार बदमाशों ने छीना मोबाइल
नोएडा में बाइक सवार झपटमारों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन बाइक सवार झपटमार मोबाइल झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। बाइक सवार झपटमारों ने अलग-अलग स्थान पर दो लोगों से मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। मूल रूप से करछना जनपद प्रयागराज के रहने वाले शिवाकांत पटेल ने थाना फेज-2 में अपना मोबाइल फोन छीने जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह सेक्टर-87 स्थित नया गांव में किराए पर रह रहा है और एक कंपनी में जॉब करता है। कंपनी से ड्यूटी खत्म करने के बाद वह घर जाने के लिए निकला था। रास्ते में उसने अपने परिचित से बात करने के लिए जेब से मोबाइल फोन निकाला। इस दौरान पीछे से बाइक पर आए दो झपटमार उसके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। वही थाना सेक्टर-20 में राहुल कुशवाहा ने अपना मोबाइल फोन छीने जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित के मुताबिक वह 5 अगस्त की रात्रि को पैदल अशोकनगर की तरफ जा रहा था। इस दौरान बाइक पर आए दो बदमाशों ने उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
बेटे व ससुर ने जबरन खाली कराया मकान
नोएडा में थाना सेक्टर-24 में एक महिला ने अपने बेटे उसके ससुर व अन्य लोगों पर जबरन मकान खाली कराने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि उसके मकान में रखे सामान में तोडफोड़ कर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। सेक्टर-23 बी ब्लॉक में रहने वाली शारदा देवी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मकान को लेकर उसका मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इसके बावजूद भी उसका बेटा व उसका ससुर उससे जबरन घर खाली करवाने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़िता के अनुसार वह और उसका पौत्र घर में अकेले थे। इस दौरान उनका बड़ा बेटे सुनील कुमार, उसके ससुर अवध प्रसाद ,रामबाबू, संजीव यादव ने उसके घर में घुसकर मकान पर कब्जा करने की नीयत से तोडफोड़ की। उसके द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के मुताबिक उसने इस संबंध में थाना सेक्टर- 24 सहित वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि पीडि़ता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है।
होटल में शराबियों का हुड़दंग, रोकने पर मारपीट
नोएडा में होशियापुर गांव में बने एक होटल में शराब के नशे में धुत्त कुछ युवकों ने जमकर हंगामा मचाया। होटल संचालक ने जब युवकों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर अपनी कारों से फरार हो गए। होटल संचालक ने 6 नामजद तथा दो अज्ञात युवकों के खिलाफ थाना सेक्टर-24 में मुकदमा दर्ज कराया है। गिझोड गांव निवासी अंकित चौधरी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह होशियापुर गांव की माता कॉलोनी में अंश नाम से होटल चलाता है। 10 सितंबर की रात्रि को उसके होटल में एक व्यक्ति ने किराए पर कमरा लिया। कुछ देर बाद होटल बुक करने वाले युवक के आठ अन्य साथी उसके कमरे में पहुंच गए और शोर शराबा करने लगे। शोर शराबा सुनकर वह कमरे में पहुंचा तो उसे सभी युवक शराब पीते हुए मिले। उसने जब होटल के कमरे में शराब पीने तथा हंगामा करने पर आपत्ति जताई तो युवक उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली गलौज करने लगे। गाली देने का विरोध करने पर युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। इस घटना में उसके गले की सोने की चेन भी टूट कर गिर गई। मारपीट कर घायल करने के बाद आरोपी युवक अपनी कारों में सवार होकर मौके से फरार हो गए। अंकित चौधरी ने इस संबंध में होशियापुर गांव निवासी विकास यादव, मोंटी यादव, विकल यादव, विकास यादव, सौरव यादव, राहुल यादव व दो अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मनचले ने हाथ पकड़कर खींचा
नोएडा के थाना सेक्टर-39 में एक युवती ने मनचले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। युवती का आरोप है कि युवक उसका पीछा करता है और उस पर बात करने का दबाव डालता है। युवक की हरकतों के कारण उसका घर से बाहर निकलना भी दुभर हो गया है। सदरपुर गांव में किराए पर रहने वाली प्रिया (काल्पनिक नाम) ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि पड़ोस की काशीराम कॉलोनी में रहने वाला मुकुल नामक युवक उसे आए दिन परेशान करता है। बात न करने पर वह उसे तथा उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी देता है। प्रिया के मुताबिक घर से निकलते ही वह उसका पीछा करना शुरू कर देता है और रास्ते में रोक कर उस पर बात करने का दबाव डालता है। प्रिया ने दर्ज कराई कराई रिपोर्ट में बताया कि 9 सितंबर की शाम को वह स्टेलर ग्रीन पार्क में टहलने के लिए गई थी। इस दौरान मुकुल भी वहां पहुंच गया और उसके साथ छेडख़ानी करने लगा। उसने गलत नीयत से उसे हाथ पकड़ कर खींचा तो उसने शोर मचा दिया। शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकला। घर आकर उसने परिजनों को सारी बातें बताई। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
सड़क हादसे में दो की मौत
नोएडा-ग्रेटर में अलग-अलग स्थानो पर हुए सडक़ हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मूल रूप से अलीगढ़ के रहने वाले राजकुमार ने थाना सेक्टर-49 में दुर्घटना में अपने बेटे की मृत्यु होने का मामला दर्ज कराया है। राजकुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनका बेटा टीटू कुमार सेक्टर-79 स्थित लोटस ग्रीन एरिना-2 में नौकरी करता था। 10 सितंबर को वह अपने चचेरे भाई वीरेंद्र के साथ उसकी बाइक से घर आ रहा था। सेक्टर-76 नोएडा मेट्रो स्टेशन के पास किसी अज्ञात वाहन ने दोनों की बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में टीटू व वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान टीटू की मौत हो गई। राजकुमार की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं थाना ईकोटेक-1 में बीते दिनों हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है। मूल रूप से जनपद मथुरा निवासी मोनू ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 24 अगस्त को उनका भाई प्रमोद अपने रिश्तेदार राजेश की बाइक से एक्सप्रेसवे से परी चौक की तरफ जा रहा था। राजेश तेज गति में बाइक को चला रहा था। रात्रि के समय सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति से उनकी बाइक टकरा गई। इस हादसे में तीनों लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रमोद की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान 25 अगस्त को उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई मोनू ने बाइक चला रहे राजेश के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। Noida Crime News