अब नहीं लगेगा रोज का जाम, नोएडा की नई रोड बदल देगी ट्रैफिक का नक्शा
Noida News
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 06:45 PM
Noida News : नोएडा के लोगों को लंबे समय से जिसका इंतजार था वह अब लगभग पूरा होने को है। बरौला से भंगेल के बीच बन रही एलिवेटेड रोड का 98 फीसदी काम पूरा हो चुका है और प्राधिकरण की योजना है कि इसे जुलाई 2025 तक आम जनता के लिए खोल दिया जाए। इस रोड के शुरू होने से सेक्टर-41 से लेकर सेक्टर-82 तक का सफर कहीं ज्यादा सुगम और जाममुक्त हो जाएगा, जिससे NSEZ और फेस-2 की ओर जाने वाले लोगों को भंगेल और बरौला की भीड़भाड़ से निजात मिलेगी।
6 साल का इंतजार के बाद राहत की उम्मीद
यह एलिवेटेड रोड परियोजना 2019 में शुरू हुई थी और इसे दिसंबर 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन कोविड, जमीन अधिग्रहण, निर्माण संबंधी अड़चनों की वजह से करीब तीन साल की देरी हो चुकी है। अब जब निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, तो आशा की जा रही है कि जुलाई 2025 तक इस रोड को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
क्या है इस प्रोजेक्ट की खासियत?
लंबाई: 4.5 किलोमीटर
रूट: सेक्टर-41 से शुरू होकर बरौला-सलारपुर, भंगेल होते हुए सेक्टर-82 पर खत्म
निर्माण एजेंसी: सेतु निगम
बचा हुआ कार्य: अंतिम डामर की परत बिछाना, जो जून में पूरा कर दिया जाएगा
इसे लेकर स्थानीय निवासियों का कहना है कि, 'अब विश्वास तभी करेंगे जब सड़क खुलेगी'। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने इस सड़क को बनते-बनते छह साल गुजरते देख लिया है। एक निवासी ने कहा, "इतनी बार तारीखें बदली गई हैं कि अब जब तक गाड़ियां इस रोड पर दौड़ती नजर न आएं, तब तक विश्वास करना मुश्किल है।" हालांकि अब जब सड़क का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है तो लोग इसे लेकर फिर से आशान्वित हो गए हैं।
काफी हद तक सुधरेगी ट्रैफिक व्यवस्था
नोएडा के ट्रैफिक को सुगम बनाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है। बरौला-भंगेल एलिवेटेड रोड न सिर्फ समय की बचत करेगी, बल्कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को भी काफी हद तक सुधारने में मददगार साबित होगी। Noida News