नानकेश्वर मंदिर में सवा लाख कांवड़ भक्तों ने चढ़ाया जल
Noida News
नोएडा
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:51 AM
Noida News: महाशिवरात्रि को लेकर जिला गौतमबुद्धनगर में पुलिस की सुरक्षा-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त दिखी। सुबह पांच बजे से ही पुलिस मंदिरों की निगरानी में लग गई। इस बीच कांवड़ियों के आने का सिलसिला जारी रहा। शनिवार को करीब सवा लाख शिव भक्तों ने ग्रेटर नोएडा के नानकेश्वर महादेव मंदिर में भोले नाथ को जल अर्पित किया। मंदिर में जल चढ़ाने वाले भोले भक्त कांवड़ियों का सिलसिला बुधवार दोपहर बाद तक जारी रहा।
सीपी ने किए कांवड़ियों के लिए प्रभावी प्रबंध
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर नानकेश्वर महादेव मंदिर, भाईपुरा में भक्तों की सुविधा एवं सुरक्षा हेतु गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा प्रभावी प्रबंध किए गए है। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु 5 समर्पित पार्किंग स्थल चिन्हित कर विकसित किए गए हैं। लोटा जल कांवड़ एवं डाक कांवड़ के लिए अलग-अलग मार्ग एवं कतारें निर्धारित कर जलाभिषेक सुव्यवस्थित तरीके से कराया गया। शिवभक्तों के विश्राम हेतु विशेष विश्राम क्षेत्र विकसित किए गए हैं, जहां बैठने, छाया, पानी आदि की व्यवस्था की गई है। गुमशुदा सामग्री या व्यक्तियों की त्वरित पहचान व सहायता हेतु खोया-पाया केंद्र स्थापित किया गया है। मौके पर पुलिस सहायता बूथ और वॉच टावर स्थापित कर सुरक्षा निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाया गया है।
पुलिस बल ड्यूटी पर रहा मुस्तैद
नानकेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के दौरान बुधवार सुबह से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया। जो शिव भक्त जल चढ़ाने के लिए आ रहे थे। उन्हें किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े। पुलिस अधिकारियों ने शिवभक्तों से अपील की, कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें, पुलिस के बनाए गए मार्गदर्शनों का सम्मान करें एवं इस धार्मिक आयोजन को शांति, अनुशासन एवं श्रद्धा के साथ संपन्न कराने में सहयोग करें। वहीं कांवड़ लेकर आ रहे कांवड़ियों ने भी शांति पूर्व शिव पर जलाभिषेक किया। वहीं आसपास के रहने वाले भारी संख्या में ग्रामीणों ने भोले पर जलाभिषेक किया।
सीपी के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों ने किया निरीक्षण
नोएडा पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र तथा अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार के पर्यवेक्षण में, पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा साद मियां खान, अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त जेवर एयरपोर्ट मनीष कुमार मिश्रा एवं सहायक पुलिस आयुक्त (ग्रेटर नोएडा चतुर्थ) सार्थक सेंगर के द्वारा पुलिस बल एवं अन्य अधिकारियों के साथ नानकेश्वर महादेव मंदिर, भाईपुरा में आयोजित जलाभिषेक कार्यक्रम के दौरान मौके पर पहुंचकर संपूर्ण सुरक्षा एवं प्रबंधन व्यवस्थाओं का भौतिक निरीक्षण किया गया।