नोएडा के सेक्टर-73 स्थित सर्फाबाद की आर्य नगर कॉलोनी में मुख्य पेरिफेरल रोड के किनारे बनी खुली नाली स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है।

Noida News : नोएडा के सेक्टर-73 स्थित सर्फाबाद की आर्य नगर कॉलोनी में मुख्य पेरिफेरल रोड के किनारे बनी खुली नाली स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नाली में लगातार कीचड़, कूड़ा और सीवर का पानी भरा रहता है, जो कई बार ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल जाता है। इससे खासकर दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा लगातार बना रहता है। हाल के दिनों में नोएडा में खुली नालियों से जुड़े गंभीर हादसों ने भी नागरिक सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाई है।
Noida News
व्यापारी नेता प्रवीण सक्सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर नोएडा प्राधिकरण का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते खुली नाली को सुरक्षित नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने जनहित में तत्काल कार्रवाई करते हुए नाली को जाली या स्लैब से ढकने की मांग की है।
Noida News
स्थानीय निवासियों और व्यापारियों का आरोप है कि इस समस्या की शिकायत कई बार नोएडा प्राधिकरण से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि बाहर से आने वाले वाहन चालकों को सड़क किनारे बनी गहरी नाली का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन बाइक और स्कूटी चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
Noida News
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस मार्ग से दिन-रात भारी संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में खुली नाली को जल्द से जल्द स्लैब या लोहे की जाली से ढकना जरूरी है। लोगों ने नोएडा प्राधिकरण से मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय तुरंत कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

विज्ञापन