
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के थाना फेस-3 में एक कंपनी संचालक ने अपने कर्मचारियों के खिलाफ कंपनी से पैंट चोरी करने का आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपियों ने कंपनी से चोरी की गई पैंट दूसरे कंपनी मालिक को बेच दी। इसके बाद वह उन पैंट पर अपना लेबल लगाकर मार्केट में बेच रहा था।
कंपनी संचालक संदीप अरोड़ा ने बताया कि उनकी सेक्टर-67 बी ब्लॉक में एलिट्ज लाइफस्टाइल प्राइवेट लिमिटेड के नाम से गारमेंट्स की कंपनी है। इस कंपनी में जींस पैंट आदि बनाने का कार्य होता है। उनका होलसेल स्टोर टैंक रोड नई दिल्ली में स्थित है। संदीप अरोड़ा ने बताया कि उन्हें पिछले कई महीनों से शिकायत मिल रही थी कि उनकी क्वालिटी और उनके डिजाइन के पैंट मिस्टर स्मोक नामक कंपनी बहुत सस्ते में बेच रही है।
उन्होंने जब कस्टमर से उक्त कंपनी के सैंपल प्राप्त किये तो पता चला कि यह पैंट उनकी ही कंपनी की बनी हुई है। इन सभी जींस की पैंट पर लेबल हटाकर मिस्टर स्मोक की लेबलिंग कर दी गई थी। उन्होंने जब अपने स्तर से इस मामले की जांच की तो पता चला कि कंपनी में कार्य करने वाले गोपाल बाथम, अमरेंद्र सिंह व अमित कुमार ने उक्त माल चोरी करके मिस्टर स्मोक कंपनी के संचालक संजय और बिट्टू को बेच दिया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और कंपनी कर्मियों से पूछताछ की जा रही है।