UP पुलिस ने उठाया बड़ा कदम, अगर ये काम करते पकड़ाएं तो होगी जेल
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:31 AM
नोएडा सहित उत्तर प्रदेश के आठ जिलों में दिवाली और अन्य त्योहारों पर पटाखों के उपयोग, बिक्री और निर्माण पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह बड़ा कदम सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद प्रदूषण नियंत्रण के उद्देश्य से उठाया गया है। मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर (नोएडा), बुलंदशहर, हापुड़, बागपत, शामली और मुजफ्फरनगर में अब पटाखों से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए यह सख्त रोक लागू कर दी गई है। UP News
उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
यूपी पुलिस ने साफ किया है कि इन जिलों में पटाखों का निर्माण, भंडारण, ऑनलाइन और ऑफलाइन बिक्री या उपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उल्लंघन करने पर पांच साल तक की जेल और एक लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। यह आदेश दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है।
उपलब्ध की गई शिकायत सुविधा
लोग इस प्रतिबंध का उल्लंघन देखने पर 112 नंबर पर कॉल कर सकते हैं या व्हाट्सएप (7570000100) और एसएमएस (7233000100) के जरिए शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा, फेसबुक (@112UttarPradesh) और X (@112UttarPradesh) पर भी शिकायत भेजी जा सकती है। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की वेबसाइट पर भी शिकायत की सुविधा उपलब्ध है।
यह कदम प्रदेश में स्वच्छ हवा सुनिश्चित करने और लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन ने जनता से इस नियम का पालन करने और पर्यावरण बचाने में सहयोग देने की अपील भी की है। UP News