
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के गांव सर्फाबाद में युवक को गोली लगने की घटना को पुलिस पूरी तरह संदिग्ध मानकर चल रही है। आशंका जताई जा रही है कि किसी अपने परिचित द्वारा चलाई गई गोली से ही युवक घायल हुआ है। पुलिस का शक इसलिए भी गहरा रहा है, क्योंकि घायल युवक और उसके परिजनों ने घटना के बाद भी कोई तहरीर नहीं दी है और ना ही पुलिस जांच में सहयोग कर रहे हैं।
नोएडा के थाना सेक्टर-113 प्रभारी सर्वेश कुमार ने बताया कि सोमवार की दोपहर को नोएडा के सेक्टर-50 स्थित नियो अस्पताल से सूचना मिली कि गोली लगने से घायल एक युवक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती हुआ है। सूचना के तुरंत बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। इस दौरान जानकारी मिली कि नोएडा के सर्फाबाद गांव निवासी अरुण यादव को दो गोलियां लगी हैं। गोली लगने के बाद अरुण यादव खुद कार चलाकर अस्पताल पहुंचा और उपचार के लिए भर्ती हुआ था। इस दौरान फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में अरुण यादव और उसके परिजनों ने किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है और ना ही पुलिस जांच में सहयोग कर रहे हैं। इस कारण यह पूरी घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं जिनके आधार पर जल्दी ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
वहीं, पुलिस सूत्रों का कहना है कि अरुण यादव को किसी परिचित नहीं गोली मारी है। पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है कि उसे गोली मारी गई है अथवा लापरवाही से चली गोली उसे लगी है। पीडि़त द्वारा किसी के खिलाफ तहरीर न दिया जाना चर्चा का विषय बना हुआ है।