नोएडा से डेढ़ साल में पैसे डबल करने का सपना दिखाकर एक शख्स से 15 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने जब रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मामला थाना फेस-1 क्षेत्र का है जहां न्यायालय के आदेश पर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। Noida News
पैसे डबल करने की दी लालच
ग्राम सलारपुर, जिला हापुड़ निवासी सुमित कुमार ने बताया कि नोएडा सेक्टर-10 स्थित निफटेक ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के संचालक सुदेश कुमार उर्फ टिल्लू से उनका परिचय था। सुदेश ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर पोंजी स्कीम चला रखी थी। उसने सुमित को झांसा दिया कि यदि वह पैसे लगाए तो 18 महीनों में उसका पैसा दोगुना कर दिया जाएगा।
सैकड़ों लोगों से की करोड़ों की ठगी
सुमित ने सुदेश के झांसे में आकर चेक के माध्यम से 15 लाख रुपये का निवेश कर दिया। कुछ समय बाद पता चला कि सुदेश व उसके साथ कपिल सिंह, संजीव, धर्मपाल, अशोक और सुषमा मिलकर फर्जी दस्तावेज बनाकर लोगों से ठगी कर रहे हैं। आरोपियों ने सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की है।
जब सुमित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने धमकी भी दी कि उनके खिलाफ पहले से ही कई मुकदमे चल रहे हैं और उन्हें किसी का डर नहीं है। थाना फेस-1 में शिकायत के बावजूद पहले पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद सुमित ने न्यायालय का रुख किया। कोर्ट के आदेश पर अब थाना फेस-1 पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। Noida News