Noida News : अट्टा, झुंडपुरा, कुलेसरा में छाया मातम
भारत
चेतना मंच
18 Oct 2021 03:57 AM
नोएडा। उत्तराखंड के बद्रीनाथ हाईवे पर हुए दर्दनाक हादसे में नोएडा के तीन युवकों की दर्दनाक मौत के बाद अट्टा, झुंडपुरा कुलेसरा में मातम छा गया है। मृतक युवकों के शवों को लेने परिजन उत्तराखंड पहुंच गए हैं शाम तक तीनों के शव नोएडा पहुंचेंगे।
ज्ञात हो कि उत्तराखंड के बद्रीनाथ गए फॉर्च्यूनर कार सवार 6 युवकों की कार बरसात के चलते अनियंत्रित होकर चमोली बांगर के पास अलकनंदा नदी में गिर गई। जिसमें दीपक (27 वर्ष) ग्राम अट्टा, अरविंद (26 वर्ष) निवासी कुलेसरा तथा संदीप तंवर पुत्र सुदेश तंवर निवासी झुंडपुरा की मौत हो गई। जबकि हरिंदर नागर (30 वर्ष) पुत्र मांगेराम निवासी झुंडपुरा सुशील अवाना (26 वर्ष) पुत्र धर्मवीर अवाना निवासी झुंडपुरा तथा अक्षित चौहान (26 वर्ष) पुत्र प्रताप चौहान निवासी सदरपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। झुंडपुरा के घायल दोनों युवकों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि रक्षित चौहान को श्रीनगर अस्पताल रेफर किया गया है।
गोपेश्वर थाना अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रौतेला ने बताया कि घायलों के रेस्क्यू करने के लिए पुलिस व एनडीआरएफ की टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। तीनों शवों के पोस्टमार्टम करने के बाद ही शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। बद्रीनाथ में हुए हादसे के बाद से मृतक युवकों के परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। शोकाकुल परिवार वालों को सांत्वना देने बड़ी संख्या में आसपास के गृह ग्रामीण पहुंच रहे हैं। मृतक तीनों युवक के शव लेने के लिए परिजन उत्तराखंड पहुंच गए हैं और शाम तक तीनों के शव नोएडा पहुंचेंगे।