
Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 09 जुलाई को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
Noida News: समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “नोएडा से ग्रेनो और यमुना एक्सप्रेसवे तक नया एक्सप्रेसवे बनाने की तैयारी” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे के समानांतर यमुना के किनारे पुश्ता रोड को नोएडा-ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे तक जोड़ने और एक्सप्रेसवे बनाने की सांसद डॉ. महेश शर्मा की मांग पर केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हामी भर दी है। इसके अलावा सांसद ने जिले की समस्याओं पर दो अन्य मांगों पर भी केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने सहमति दे दी है।
नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की आवाजाही से लोड बढ़ गया है। प्रतिदिन लगभग एक लाख से अधिक वाहन चलते हैं। इसके चलते अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनने के बाद वाहनों की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी आ जाएगी। नोएडा-ग्रेटर नोएडा के एक्सप्रेसवे का लोड कम करने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद डॉ. महेश शर्मा ने जेवर में एक पेड़ मां के नाम 2.0 कार्यक्रम में आए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर इस एक्सप्रेस-वे के समानांतर एक नया एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे बनाने की मांग रखी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को सुझाव दिया है कि सेक्टर-15ए के निकट डीएनडी के लगते हुए पुश्ता रोड से परी चौक और यमुना एक्सप्रेसवे तक यह एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे बनाया जाए। गडकरी ने इस पर हामी भरते हुए कहा कि पुश्ता रोड यूपी सिंचाई विभाग के हिस्से में आता है। ऐसे में इसके लिए सिंचाई विभाग की मंजूरी मिल जाए तो एक्सप्रेसवे को एनएचएआई बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा।
Noida News:
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “रनवे का काम 90% पूरा, नवंबर से उड़ान” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि नोएडा एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ान के लिए रनवे का काम 90 फीसदी तक पूरा हो गया है। नवंबर में यहां से विदेशों के लिए उड़ानों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राधिकरण ने साझा की है। प्राधिकरण के मुताबिक, एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट अब उड़ानों के लिए तैयार कमोबेश तैयार है। योजना है कि 15 सितंबर तक कार्गो और घरेलू उड़ानों को शुरू कर लिया जाए। इसके बाद नवंबर के अंत तक विदेशों के लिए उड़ान शुरू हो जाएंगी। कार्यदायी कंपनी ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल ने फिनिशिंग का काम शुरू करा दिया है। खासतौर पर एयरपोर्ट टर्मिनल को संवारा जा रहा है। रनवे भी 90 फीसदी तक पूरा कर लिया गया है। अंतिम चरण के काम भी अगले दो माह में पूरे कर लिए जाएंगे। हालांकि, उड़ान शुरू करने के लिए अभी अंतिम रूप से अनुमति लंबित है। इसके लिए अधिकारी प्रयास कर रहे हैं ताकि दो माह में अनुमति मिल सके। अधिकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट का प्रोजेक्ट देरी से पूरा हो रहा है। ऐसे में जनवरी से रोजाना 10 लाख रुपये का जुर्माना कार्यदायी कंपनी पर लगाया जा रहा है। साथ ही, नियमित रूप से समीक्षा की जा रही है। एयरपोर्ट नोएडा, ग्रेटर नोएडा के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह बहुत ही आवश्यक है। यह पूरे एनसीआर क्षेत्र के विकास के लिए बड़ा कदम साबित होगा।
Hindi News:
अमर उजाला ने 09 जुलाई 2025 के अंक में प्रमुख समाचार “ग्रेनो वेस्ट के सेक्टरों व सोसाइटियों 14 में गंगाजल की आपूर्ति दिसंबर तक” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि प्राधिकरण दिसंबर तक ग्रेनो वेस्ट के सभी सेक्टरों और सोसाइटियों में गंगाजल की आपूर्ति शुरू कर देगा। इसके लिए चार अंडरग्राउंड वाटर रिजर्व (यूजीआर) तैयार हो चुके हैं जबकि चार यूजीआर का निर्माण कार्य दिवाली तक पूरा हो जाएगा। फिलहाल, प्राधिकरण सोसाइटियों और सेक्टरों की पाइपलाइन को यूजीआर से जोड़ने का काम करवा रहा है। प्राधिकरण का दावा है कि कुछ जगह दिवाली तो बाकी जगह दिसंबर तक गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
गंगाजल पहुंचाने के बाद प्राधिकरण ने ग्रेनो में आपूर्ति शुरू कर दी है। पिछले साल ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर एक तक भी गंगाजल पहुंच चुका है लेकिन अभी पूरे ग्रेनो वेस्ट में गंगाजल पहुंचना बाकी है। अभी यहां पानी की काफी समस्या है। इस समस्या को लेकर प्राधिकरण ने दिसंबर तक आपूर्ति शुरू करने का लक्ष्य रखा है। अफसरों ने बताया कि प्राधिकरण कार्यालय के पास यूजीआर से गंगाजल ग्रेनो वेस्ट जाएगा। रोजा, बिसरख, केपी-5 और सेक्टर इकोटेक-12 में यूजीआर बनकर तैयार हैं जबकि ईटा- 2, सेक्टर-2 व 3 और टेकजोन-4 में यूजीआर का निर्माण कार्य चल रहा है। पुराने चार यूजीआर की टेस्टिंग का काम भी पूरा हो गया है। जिन सोसाइटी से यूजीआर 40-50 मीटर दूर है उन्हें जोड़ा जा रहा है। दिवाली तक बाकी यूजीआर भी बनकर तैयार हो जाएंगे। इसके बाद सभी सोसाइटियों व सेक्टरों की पाइपलाइन को जोड़ा जाएगा। दिसंबर तक ग्रेनो वेस्ट के टेकजोन-4, 1, 2, 3, 10, 12, 16, 16बी, 16सी, गौड़ सिटी वन व 2 में गंगाजल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
Noida News: समाचार दैनिक जागरण से
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 09 जुलाई 2025 का प्रमुख समाचार “सोहरखा जाहिदाबाद में प्राधिकरण ने ध्वस्त किया अवैध निर्माण” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि सोहरखा जाहिदाबाद में चार खसरा नंबर की 4,500 वर्ग मीटर भूमि पर भूमाफिया ने अवैध निर्माण किया था। नोटिस जारी करने के बाद भी न निर्माण हटाया, न जवाब दिया। ऐसे में मंगलवार को वर्क सर्किल-छह की टीम ने जेसीबी से विशेष तोड़-फोड़ अभियान चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त किया। इस दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया, पर मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें शांत कराया। भूमि की कीमत करीब 18 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। अवैध निर्माण करने वालों को चेतावनी दी गई है कि दोबारा निर्माण पर कानूनी कार्रवाई होगी। वर्क सर्किल छह के वरिष्ठ प्रबंधक केबी सिंह ने बताया कि सोहरखा जाहिदाबाद गांव में खसरा नंबर-949, 615, 618, 612 प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि है। निगरानी का काम प्राधिकरण का है। यहां प्लाट काटकर कमरा का निर्माण हुआ। प्लाट के चारों ओर बाउंड्री व गेट लगा दिया गया। प्लाट का एरिया करीब 4,500 वर्गमीटर है। इस भूमि को कब्जामुक्त कराने के लिए मंगलवार को एक टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने प्लाट पर बने पक्के निर्माण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त किया। इस दौरान वहां कुछ लोग पहुंचे व दस्तावेज दिखाए। दस्तावेजों का परीक्षण किया गया, पर संतुष्ट नहीं हुए। कार्रवाई के विरोध पर पुलिस ने उन्हें शांत कराकर वापस भेजा। करीब आधे घंटे में अवैध निर्माण ध्वस्त किया गया। इसके बाद टीम वापस आ गई। प्लाट के चारों ओर पिलर लगाकर फेंसिंग कराई जा रही है। सीईओ का स्पष्ट निर्देश है कि किसी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं होगा। उनके निर्देश पर यह कार्रवाई जारी है।
ग्रेटर नोएडा – नोएडाकीखबरोंसेअपडेटरहनेकेलिएचेतनामंचसेजुड़ेरहें।
देश–दुनियाकीलेटेस्टखबरोंसेअपडेटरहनेकेलिएहमेंफेसबुकपरलाइककरेंयाट्विटरपरफॉलोकरें।