
Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 25 जनवरी को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
Noida News: समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “रोशन होंगे ग्रेनो के 127 ब्लैक स्पॉट हादसों व वारदात का नहीं रहेगा डर” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि ग्रेनो प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट में 127 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए हैं। यहां अंधेरे की वजह से दुर्घटनाएं, हादसे और अपराध की आशंका बनी रहती है। राहगीरों की सुरक्षा के लिहाज से भी यह स्थान जोखिम भरे हैं। अब इस अंधेरे को समाप्त करने के लिए प्राधिकरण ने 40 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की है। इसके अलावा सड़कों और सोसाइटी-सेक्टर के बाहर कम रोशनी वाली जगहों को भी चिह्नित करा रहा है। इसके लिए एजेंसी चयन कर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था कराई जाएगी।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट और ईस्ट की प्रमुख सड़कों से लेकर सेक्टर की रोड पर कई जगह रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। प्राधिकरण की ओर से कराए गए सर्वे में सूरजपुर कासना मार्ग पर अमृत चौक से होंडा चौक, गौड़ चौक से बिखरख, यमुना एक्सप्रेसवे के पास जतन भाटी चौक, चुहड़पुर, ऐस सिटी गोलचक्कर के चारों तरफ सहित 127 ऐसी जगहें चिह्नित की गई हैं। यहां किसी तरह की रोशनी नहीं है। इसके अलावा एवीजे हाइट्स, तिलफता सहित कई जगहों पर लाइट तो लगी है, मगर यहां रोशनी पर्याप्त न होने से अवांछनीय तत्वों की सक्रियता की आशंका रहती है। प्राधिकरण की ओर से तैयार रिपोर्ट के अनुसार, 60 मीटर, 80 मीटर और सेक्टर के पेरिफेरल 24 मीटर सड़क के दोनों किनारों पर खंभे लगाकर लाइट की व्यवस्था की जाएगी। गौरतलब है कि वर्तमान में कई सड़कों पर सेंट्रल वर्ज में खंभे के जरिये प्रकाश की व्यवस्था की गई है, मगर इससे सड़क के दोनों किनारों तक जरूरत के मुताबिक, रोशनी नहीं पहुंच रही है।
Noida News:
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “70 युवाओं को मिलेगी उद्यमी पुरस्कार की राशि, यूपी दिवस कार्यक्रम के उद्घाटन पर बोले प्रभारी मंत्री” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ महाकुंभ के थीम पर आधारित तीन दिवसीय यूपी दिवस कार्यक्रम शुक्रवार से शुरू हो गया। 26 जनवरी तक होने वाले इस कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत पीडब्ल्यूडी और जिले के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने की। उन्होंने जिले के खिलाड़ी, उद्यमी, व्यापारी, चिकित्सा, शिक्षा, स्वयं सहायता समूह और मुख्यमंत्री युवा अभियान योजना के पात्रों को सम्मानित भी किया। उन्होंने गौतमबुद्ध नगर के 70 युवाओं के खाते में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी पुरस्कार की रकम भेजने और युवाओं खिलाड़ियों को सम्मानित करने का वादा किया।
मंत्री बृजेश ने कहा कि प्रदेश में विकास का ग्राफ तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी दिवस का सातवां संस्करण विकास और विरासत के समावेश का प्रतीक है। 2017 से पहले प्रदेश अपनी विरासत से कट चुका था, लेकिन आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के रूप में इसे पुनः प्राप्त किया गया है। यूपी श्रीराम, श्रीकृष्ण और रानी लक्ष्मीबाई जैसी विभूतियों की भूमि वाला राज्य है। इस दौरान जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, डीएम मनीष कुमार वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष गजेंद्र मावी, नोएडा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, महामंत्री गणेश जाटव, उमेश कुमार त्यागी और नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी समेत उद्यमी, व्यापारी, छात्र-छात्राओं समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Hindi News:
अमर उजाला ने 25 जनवरी 2025 के अंक में प्रमुख समाचार “रजिस्ट्री के लिए नहीं पहुंच रहे खरीदार महज 810 को मिला मालिकाना हक” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि जीवन की कमाई लगाकर यमुना सिटी में घर का सपना संजोने वाले छह हजार से ज्यादा खरीदार अब भी मालिकाना हक पाने की राह ही देख रहे हैं। हालांकि इसमें कई मामलों में खरीदारों की ओर से भी लापरवाही की जा रही है। बिल्डरों की ओर से 25 फीसदी धनराशि जमा कराने के बाद भी खरीदार रजिस्ट्री नहीं करा रहे हैं। इसमें कई खरीदार विदेश या शहर के बाहर होने के कारण पहुंच नहीं पा रहे हैं। अमिताभकांत समिति की सिफारिश लागू होने के बाद भी फरवरी से 12 अगस्त 2024 तक सिर्फ 810 खरीदारों की ही रजिस्ट्री हो पाई है। हालांकि यमुना प्राधिकरण की ओर से 11 परियोजनाओं में महज छह बिल्डर परियोजनाओं पर ही अमिताभ कांत समिति की सिफारिश लागू हो पाई है। कारण, तीन परियोजनाएं राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) में विचाराधीन है। इसके अलावा दो परियोजनाओं पर बिल्डरों ने न्यायालय से उत्पीड़नात्मक कार्रवाई नहीं किए जाने का आदेश पारित करा रखा है। यही कारण है कि पांच परियोजनाओं के बिल्डरों ने 25 फीसदी धनराशि नहीं जमा कराई है। इसके चलते उन परियोजनाओं के खरीदारों की रजिस्ट्री अधर में ही है।
दरअसल, 21 दिसंबर 2023 को लागू की गई अमिताभकांत समिति की सिफारिशों के दायरे में यमुना प्राधिकरण की 11 बिल्डर परियोजनाएं है। इनमें मेसर्स अजय रियलकॉन व स्टारसिटी डवलपर्स सबलेसी दो सबलेसी भी शामिल है। इन परियोजनाओं के जरिये बिल्डरों पर 5045.95 करोड़ का बकाया प्राधिकरण को जमा करना था और सिफारिशों के क्रम में इन्हें 993.07 करोड़ की छूट प्रदान की गई। न्यायिक प्रक्रिया के चलते पांच परियोजनाएं इस छूट से अगल हो गई और छह बिल्डर परियोजनाओं में 6879 खरीदार फंसे हुए थे और इसके मालिकाना हक के लिए बिल्डरों ने 25 फीसदी धनराशि 302.50 करोड़ रुपए जमा प्राधिकरण में जमा करा दिए हैं। लेकिन, मालिकाना हक पाने में अब तक 11 प्रतिशत खरीदारों को ही सफलता मिल पाई है।
Noida News: समाचार दैनिक जागरण से
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 25 जनवरी 2025 का प्रमुख समाचार “गणतंत्र दिवस पर जानिए कैसा रहेगा यातायात डायवर्जन” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि गणतंत्र दिवस पर छुट्टी के दिन यदि आप शहर से बाहर कहीं घूमने की योजना बना रहे हैं, तो उससे पहले यातायात पुलिस के डायवर्जन प्लान को जरूर जान लें। आज रात 12 बजे से 26 जनवरी की दोपहर कार्यक्रम समाप्ति तक डायवर्जन लागू रहेगा। इस बीच बिना अनुमति किसी भी वाहन चालक को बार्डर पार कर दिल्ली में प्रवेश नहीं मिलेगा। यातायात पुलिस उपायुक्त लाखन सिंह यादव ने बताया कि चिल्ला रेड लाइट (बार्डर) से वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होकर ईस्टर्न पेरिफेरल (ईपीई) की ओर भेजा जाएगा। डीएनडी (बार्डर) से दिल्ली जाने के लिए वाहन चालक डीएनडी टोल प्लाजा से यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से वाया ईपीई की ओर जाएंगे। कालिंदी कुंज यमुना (बार्डर) से दिल्ली जाने के लिए वाहन चालकों पर रोक रहेगी। उन्हें यमुना नदी से पहले अंडरपास तिराहा से डायवर्ट कर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से होते हुए ईपीई की ओर भेजा जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से होकर दिल्ली जाने पर पाबंदी रहेगी। वाहन चालकों को फलैदा कट, रबूपुरा से सर्विस रोड गलगोटिया गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी से वाया पुस्ता तिराहे से होंडा सीएल चौराहे से कस्बा कासना से ईपीई की ओर भेजा जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर जाने वाले वाहन चालक जीरो प्वाइंट से परी चौक की ओर डायवर्ट होंगे। ये सभी वाहन ईपीई के जरिए दिल्ली में अपने गंतव्य की तरफ पहुंच पाएंगे।
दैनिक जागरण के 25 जनवरी 2025 के अंक में अगला प्रमुख समाचार “नोएडा रेव पार्टी केस के गवाह को धमकाने पर एल्विश पर केस दर्ज करने का आदेश” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि यू ट्यूबर एल्विश यादव के खिलाफ कोर्ट ने नंदग्राम थाने में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। एल्विश पर कोर्ट ने नोएडा रेव पार्टी केस के गवाह सौरभ गुप्ता को धमकाने के आरोप में यह आदेश दिया है। नोएडा में वर्ष 2023 में रेव पार्टी में नशे के लिए सांप का जहर आपूर्ति करने के आरोप में सौरभ के भाई गौरव गुप्ता ने सेक्टर-49 थाने में दो नवंबर 2023 को मुकदमा दर्ज कराया था। इस मुकदमे में सौरभ गवाह हैं। राजनगर एक्सटेंशन निवासी सौरभ गुप्ता की ओर से उसके अधिवक्ता पंडित प्रेम प्रकाश मिश्रा ने मुकदमा दर्ज करने के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की, जिसमें बताया कि सौरभ गुप्ता के भाई गौरव गुप्ता ने नोएडा में रेव पार्टी में सांप के जहर की आपूर्ति की शिकायत यूटयूबर एल्विश यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में सौरभ गुप्ता गवाह है। इस बात को लेकर एल्विश यादव और उसके समर्थक गौरव गुप्ता और उनके परिवार के लोगों से रंजिश मानते हैं। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया कि एल्विश दोनों भाइयों को झूठे मामले में फंसाने या फिर एक्सीडेंट कर मारने की कोशिश में है। आए दिन इंटरनेट मीडिया के माध्यम से धमकी मिलती हैं। 10 मई 2024 को एल्विश यादव और उसके समर्थक राजनगर एक्सटेंशन स्थित उनकी सोसायटी में कई गाड़ियों में सवार होकर आए। इस मामले की शिकायत सौरभ गुप्ता ने नंदग्राम पुलिस को दी थी। मगर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद पुलिस कमिश्नर को भी रिपोर्ट दर्ज करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। कोई सुनवाई नहीं होने पर पीड़ित ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। शुक्रवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-तीन ने प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए नंदग्राम थाना पलिस को समुचित धाराओं में एल्विश यादव और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने के लिए आदेश दिए हैं।
दैनिक जागरण के 25 जनवरी के अंक में “डिजाइनर व फसाड लाइट से सजेंगे एंट्री प्वाइंट : प्रेरणा सिंह” शीर्षक से भी समाचार प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से शहर के एंट्री प्वाइंट, प्रमुख स्थानों व गोलचक्करों को डिजाइनर लाइट, फसाड, कलाकृतियों से सजाया जाएगा। इसके लिए 10 कंपनियों ने प्रस्तुतिकरण दिया। दो कंपनियों का कार्य प्राधिकरण को पसंद आया है। कंपनी के प्रतिनिधियों प्रेरणा सिंह ने ग्रेनो प्राधिकरण एसीईओ प्रेरणा सिंह व अन्य अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुतिकरण दिए। खास बात यह है कि अयोध्या, महाकुंभ व भारत मंडपम में सजावट का काम कर चुकी कंपनी ने भी प्रस्तुतिकरण दिया। अधिक कंपनियां इसमें आवेदन कर सकें इसके लिए आवेदन की तिथि बढ़ाकर चार फरवरी कर दी गई है। शो विंडो शहर ग्रेनो में प्रतिदिन देश विदेश से लोगों का आना होता है। शहर में प्रवेश के दौरान लोगों को अच्छी अनुभूति हो, इसके लिए प्राधिकरण ने प्रवेश द्वारों संग प्रमुख स्थानों व गोलचक्करों को सजाने का निर्णय लिया है। एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि कंपनियों ने कई सजावटी चीजों का प्रस्तुतिकरण दिया है। रंगीन लाइट, कलाकृतियां और शहर की विरासत की झलक दिखाती चीजों से एंट्री प्वाइंट सजाए जाएंगे।
ग्रेटर नोएडा – नोएडाकीखबरोंसेअपडेटरहनेकेलिएचेतनामंचसेजुड़ेरहें।
देश–दुनियाकीलेटेस्टखबरोंसेअपडेटरहनेकेलिएहमेंफेसबुकपरलाइककरेंयाट्विटरपरफॉलोकरें।