
Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 05 अगस्त को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
Noida News: समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “खड़ी कैब में दम घुटने से दो की मौत” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि सेक्टर-62 में एनआईबी के पास सड़क के किनारे खड़ी कैब में चालक समेत दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार दोपहर के वक्त दोनों के शव कार के अंदर मिले। शीशा तोड़कर दोनों शवों को कार से बाहर निकाला गया। आशंका जताई जा रही है कि कार में दम घुटने से दोनों की मौत हुई है। कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं है।
पुलिस के मुताबिक खोड़ा कॉलोनी के प्रेम विहार निवासी सचिन शर्मा (27) कैब चालक थे। उनकी दोस्ती पड़ोस के रहने वाले लक्ष्मी शंकर (50) से थी। लक्ष्मी मजदूरी का काम करते थे। सचिन और लक्ष्मी शंकर रविवार सुबह काम पर निकले थे। रात तक दोनों घर नहीं पहुंचे। इसके बाद परिजनों ने पता करना शुरू किया। इस पर एक पड़ोसी ने सचिन की कार सेक्टर-62 एनआईबी के पास खड़ी होने की बात कही।
इसके बाद घरवाले आसपास के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे तो देखा कि दोनों कार के अंदर हैं। करीब दस मिनट तक परिजन कार का गेट खटखटाते रहे पर अंदर से दोनों ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद परिजनों ने हथौड़ा लाकर शीशा तोड़कर गेट खोला तब सचिन कार की अगली व लक्ष्मी शंकर पिछली सीट पर मृत पड़े थे। तब तक सूचना पर कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस मौके पर पहुंच गई। डीसीपी यमुना प्रसाद का कहना है कि प्राथमिक जांच में दम घुटने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
Noida News:
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “दिवंगत महिला के खाते में आए खरबों रुपये, अकाउंट हुआ फ्रीज, 37 अंकों की है रकम, मैसेज मिलने पर बेटा सकते में, बैंक को दी सूचना” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि गौतमबुद्ध नगर के दनकौर में दो माह पहले मृत महिला के खाते में कुल इतनी रकम का मैसेज आया कि उनका बेटा सकते में आ गया। वह भागते हुए बैंक पहुंचा तो बैंककर्मी भी रकम देखकर अचंभित हो गए। हालांकि, उन्होंने मृत महिला के बेटे को खाता फ्रीज होने की बात कहकर टरका दिया। कुल 37 अंकों की रकम की गणना करने में एआई, मेटा और कैलकुलेटर भी फेल हो गए। ऊंची दनकौर मोहल्ले निवासी महिला गायत्री की मौत करीब दो महीने पहले हुई थी। महिला का बेटा दीपक कुमार बेरोजगार है। महिला के बैंक खाते से जुड़े यूपीआई का उपयोग उनका बेटा दीपक कर रहा था। सोमवार को वह यूपीआई से कोई पेमेंट कर रहा था लेकिन पेमेंट नहीं हो सकी।
बार-बार पेमेंट का प्रयास करने पर भी पेमेंट न होने पर उसने बैंक बैलेंस की जांच की तो वह अचंभित हो गया। युवक ने पाया कि उसकी मां गायत्री के बैंक खाते में 37 अंकों वाली संख्या दिखाई दे रही थी। एक अनुमान के अनुसार यह संख्या लगभग एक अरब 13 लाख 56 हजार करोड़ रुपये उसके खाते में आ गए थे। इसके बाद दनकौर के कोटक महिंद्रा बैंक की शाखा में पहुंचे और रुपयों के आने की जानकारी लेनी चाही। बैंककर्मियों ने उन्हें जानकारी नहीं दी। खाता फ्रीज होने की बात कहकर शाखा से टरका दिया गया। इस मामले में कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी सुरेंद्र सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी नही है। यदि इस तरह की कोई घटना है तो उसकी जांच की जाएगी।
Hindi News:
अमर उजाला ने 05 अगस्त 2025 के अंक में प्रमुख समाचार “तीन सेक्टरों में वेंडिंग जोन का काम शुरू, बनेंगी 218 दुकानें” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने तीन सेक्टरों में वेंडिंग जोन और ट्रक पार्किंग बनाने का काम शुरू कर दिया है। कुल 6.29 करोड़ की लागत से इनका निर्माण कार्य किया जाएगा। तीनों जगह वेंडिंग जोन में कुल 218 दुकानें होंगी, जबकि दो सेक्टरों में बन रही पार्किंग ले-बाय में 225 ट्रकों को खड़ा करने की व्यवस्था होगी। दिसंबर तक इनका निर्माण पूरा हो जाएगा। जिसके बाद उद्यमियों को सेक्टरों में अतिक्रमण से निजात मिलेगी, साथ ही सड़कों पर ट्रक भी नहीं खड़े होंगे। यूपीसीडा के सेक्टरों में अतिक्रमण की समस्या बढ़ती जा रही है। साइट-5 में कासना कस्बे की तरफ वाले रास्ते पर रोजाना बाजार लगता है। वहां से निकलना मुश्किल हो जाता है। इसी तरह अन्य सेक्टरों का भी ऐसा ही हाल है। इससे वहां अपराध बढ़ रहा है। साथ ही ट्रक सड़कों पर खड़े रहते है। उद्यमियों की समस्या का समाधान करने के लिए यूपीसीडा ने वेंडिंग जोन और ट्रक ले बाय बनाने का फैसला लिया था। योजना पर अब काम शुरू हो गया है। यूपीसीडा के अफसरों ने बताया कि सेक्टर साइट-5 में 74.45 लाख की लागत से वेंडिंग जोन बनाया जा रहा है, जहां 80 दुकानें होंगी। वहीं साइट-बी व साइट-4 में 299.29 लाख की लागत से वेंडिंग जोन का निर्माण होगा। इन दोनों सेक्टरों में 218 दुकानें बनेंगी। वहीं साइट-सी में 100 ट्रकों की पार्किंग बनेगी। अफसरों ने बताया कि बारिश के कारण अभी काम बाधित है। दिसंबर तक वेंडिंग जोन और ट्रक पार्किंग बनाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। ट्रक पार्किंग निशुल्क होगी।
Noida News: समाचार दैनिक जागरण से
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 05 अगस्त 2025 का प्रमुख समाचार “भंगेल सीएचसी पर एआरवी की सिरिंज खत्म, मरीज परेशान, 10 दिनों से सिरिंज खत्म, मरीजों को भेजा जा रहा जिला अस्पताल” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि सेक्टर-110 और आसपास इलाकों में कुत्ते, बिल्ली व बंदरों के काटने पर दर्द झेल रहे मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की हीलाहवाली के चलते भंगेल सीएचसी पर एंटी रेबीज वैक्सीन की डोज नहीं मिल रही है। आलम यह है कि पिछले दस दिनों से वैक्सीन की सिरिंज का स्टाक खत्म हो चुका है, लेकिन उच्च अधिकारियों ने आवेदन करने पर भी सिरिंज देने में देरी की। इस वजह से भंगेल और आसपास इलाकों के मरीजों को एआरवी लगवाने के लिए सेक्टर-39 में जिला अस्पताल पहुंचकर डोज लेनी पड़ी है। भंगेल में रहने वाले ओमप्रकाश को कुत्ते ने काट लिया था। वह भंगेल सीएचसी पर पहुंचे तो वहां सिरिंज खत्म होने की बात बोलकर जिला अस्पताल भेज दिया। अब उनका आरोप था कि अधिकारियों की लापरवाही से तमाम मरीजों को किराए में जेब ढीली करनी पड़ती है जबकि समय से पहले सिरिंज और वैक्सीज की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करनी होती है। जिला अस्पताल में भीड़ होने की वजह से वैक्सीन के लिए कतार में खड़े होकर इंतजार भी करना पड़ता है। सोमवार को एआरवी सेंटर पर 250 से ज्यादा लोगों ने पहुंचकर डोज ली। मरीज सोनू, दीपक, सीमा, नोनू और अन्य मरीजों ने भी परेशानी होने की बात कही। जिला पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डा. अमित कुमार ने बताया कि भंगेल सीएचसी को दो हजार सिरिंज भेज दी हैं। मरीजों को किसी प्रकार परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में प्रमुख समाचार “माडल टाउन गोलचक्कर पर बनाया जाएगा स्काइवाक” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि सेक्टर-62 माडल टाउन गोल चक्कर पर बनने वाले स्काईवाक का ड्राइंग डिजाइन आइआइटी ने फाइनल होने के बाद सोमवार को नोएडा प्राधिकरण सीईओ डा. लोकेश एम ने इसे बनाने के लिए नोएडा ट्रैफिक सेल को अनुमोदित कर दिया। अब जल्द ही इसका टेंडर जारी कर दिया जाएगा। स्काईवाक 530 मीटर लंबा और चार मीटर चौड़ा होगा। यह स्काईवाक माडल टाउन गोल चक्कर के चारों तरफ जीरो आकार का होगा। इसको दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर खोड़ा कालोनी की तरफ बने एफओबी को जोड़कर जीरो के आकार में बनाते हुए छिजारसी की तरफ बनाया जाएगा। यह स्काईवाक सीधे तौर पर नोएडा और गाजियाबाद को जोड़ेगा। इससे आठ लाख लोगों को फायदा होगा। यह लोग नोएडा कामकाज के सिलसिले में दिल्ली, हापुड, गाजियाबाद, बुलंदशहर, मेरठ की तरफ से नोएडा आते जाते है। स्काईवाक को बनाने में करीब 43 करोड़ रुपये की लागत खर्च होगी। छह माह में यह बनकर तैयार होगा। इससे नोएडा की तरफ सेक्टर-62, 63 और छिजारसी की तरफ चढ़ने-उतरने की सुविधा मिलेगी। स्काईवाक में राहगीरों को ऊपर चढ़ने में कोई परेशानी न हो इसके लिए नोएडा की तरफ एस्केलेटर (स्वचालित सीढ़ियां) लगाए जाएंगे। इसके अलावा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के कोनों पर दो लिफ्ट लगाई जाएंगी।