
Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 29 अगस्त को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
Noida News: समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “कल नोएडा आएंगे रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को नोएडा आएंगे। दोनों फेज-2 स्थित राफे एमफाइबर प्राइवेट लिमिटेड के कार्यक्रम में शामिल होंगे। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी बृहस्पतिवार को कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे रहे।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री सबसे पहले गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट पर होने वाले कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर से नोएडा के सेक्टर-113 आएंगे। यहां प्राधिकरण की ओर से हेलीपैड बनाने का काम जोरशोर से शुरू कराया गया है। यहां से वह करीब दो किमी दूर स्थित कार्यक्रम स्थल तक सड़क मार्ग से जाएंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री लखनऊ रवाना हो जाएंगे। हालांकि अभी तक मुख्यमंत्री का आधिकारिक कार्यक्रम नहीं आया है।
अधिकारियों ने बताया कि रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री डिफेंस उत्पाद व ड्रोन बनाने वाली कंपनी के कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह भी बताया गया कि पूरा कार्यक्रम रक्षा मंत्री का है इसमें मुख्यमंत्री का भी आगमन हो रहा है। इसके अलावा एक अन्य कंपनी की ओर से नोएडा स्टेडियम के कार्यक्रम में उसी दिन शाम 5:30 बजे मुख्यमंत्री के आने का दावा किया जा रहा है। हालांकि इस कार्यक्रम के बाबत किसी भी अधिकारी ने पुष्टि नहीं की। वहीं मुख्यमंत्री के शहर में आगमन को देखते हुए यह भी कयास लगाया जा रहा है कि मुख्यमंत्री प्राधिकरणों के साथ बैठक आदि कर सकते हैं। अभी इस बाबत किसी तरह के निर्देश नहीं मिले हैं। बताया जा रहा है कि आगामी 25 सितंबर से एक्सपो मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस बाबत समीक्षा हो सकती है। मुख्यमंत्री के आगमन के बाबत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए जा रहे हैं।
Noida News:
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “करंट से युवक की मौत, परिजनों हत्या का आरोप लगा किया हंगामा ” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के जैतपुर गांव में कार धोते समय संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से चालक की मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जैतपुर चौराहे पर करीब चार घंटे तक शव रखकर प्रदर्शन किंया। मार्ग बंद रहने से वाहन लंबी कतारों में फंसे रहे।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक हरेंद्र कुमार (32) पत्नी मालती देवी, दो बच्चे क्षितिज (11) व दीपेश (9) के साथ जैतपुर गांव में रहते थे। वह जैतपुर स्थित कार वाशिंग सेंटर में चालक थे। छह साल से 18 हजार रुपये प्रतिमाह पर काम कर रहे थे। पिछले कई माह से उन्हें वेतन नहीं मिला था। भाई राहुल कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह कार वाशिंग सेंटर से मालिक का फोन आने पर सुबह करीब 6:30 बजे वह वेतन लेने के लिए पहुंचे। आरोप है कि यहां वाशिंग सेंटर के मालिक ने बिजली के तार से करंट लगा दिया फिर दुकान के सामने भाई को फेंक दिया। गांव का एक युवक वहां से गुजरा तो उसने घटना की जानकारी दी।
इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और हरेंद्र को पास के ग्रीन सिटी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को लेकर गांव पहुंचे। ग्रामीणों के साथ हुई वार्ता के दौरान परिजनों ने आरोप लगाया है कि कार वाशिंग सेंटर के मालिक ने खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताकर धमकी देनी शुरू कर दी।
हरेंद्र की मौत से नाराज परिजन शव को सुबह करीब साढ़े 10:30 बजे जैतपुर गोल चक्कर पर लेकर पहुंच गए। यहां उन्होंने 130 मीटर रोड को बंद कर दिया। इस कारण कुछ देर में मार्ग पर जाम लगने लगा। सूचना पर एसपी ग्रेटर नोएडा, एसीपी सेंट्रल नोएडा बीएस वीर और कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार पहुंचे। कुछ देर बाद अन्य थानों की फोर्स और पीएसी की टीम पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने काफी देर तक शव को उठने नहीं दिया।
Hindi News:
अमर उजाला ने 29 अगस्त 2025 के अंक में प्रमुख समाचार “ग्रीन कॉरिडोर बनाकर 3:50 मिनट में बच्चों को चाइल्ड पीजीआई पहुंचाया” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि दिल्ली के नजफगढ़ के अस्पताल में जन्मे जुड़वा बच्चों को आपातकाल में करीब छह किलोमीटर का ग्रीन कॉरिडोर बनाकर सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई में भर्ती कराया। यातायात पुलिस ने रात 8:37 बजे डीएनडी से चाइल्ड पीजीआई तक ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस को महज तीन मिनट 50 सेकंड में पहुंचाने में मदद की। बच्चे के परिवार ने यातायात पुलिस की सराहना की। डीसीपी यातायात लखन सिंह यादव ने बताया कि दिल्ली के सेपलिंग अस्पताल में जुड़वा बच्चों का जन्म हुआ था। बच्चों को सांस लेने में दिक्कत समेत कई परेशानी हुईं तो चिकित्सकों ने बच्चों को नोएडा के चाइल्ड पीजीआई रेफर कर दिया। परिवार एंबुलेंस में बच्चों को लेकर चल पड़े। रास्ते में लाल बत्ती व यातायात धीमा मिला। बच्चों के रोने पर वे घबरा गए। दिल्ली पुलिस को बच्चों की परेशानी से अवगत कराया। दिल्ली कंट्रोल रूम से मैसेज मिलने के बाद नोएडा यातायात पुलिस सक्रिय हो गई। डीसीपी यातायात लखन सिंह यादव ने बताया कि सूचना मिलने पर तत्काल डीएनडी से चाइल्ड पीजीआई तक करीब छह किमी ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। जगह-जगह पर यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई।
Noida News: समाचार दैनिक जागरण से
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 29 अगस्त 2025 का प्रमुख समाचार “सैंडविच में निकला ग्लव्स, जताई नाराजगी” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि आनलाइन खाना डिलीवरी करने वाले एप के से सेक्टर 45 के एक रेस्तरां से ग्राहक को 712 रुपये खर्च कर दो सैंडविच मंगाना महंगा पड़ गया। एक सैंडविच में ग्लव्स निकला। ग्राहक ने एक्स पर पोस्ट कर एप, रेस्तरां प्रबंधन व खाद्य सुरक्षा विभागीय अधिकारी से शिकायत कर नाराजगी जताई। उधर, रेस्तरां प्रबंधन ने घटना को निराशाजनक बताया है। पीड़ित को मामले में जांच कराने का आश्वासन दिया है।
सतीश सारावागी ने सैक्टर 45 के रेस्तरां से बुधवार को आनलाइन दो सैंडविच आर्डर किए थे। आर्डर घर पहुंचने पर उन्होंने खाने के लिए सैंडविच खोला तो एक में पालीथिन का बना ग्लव्स निकला। यह देखकर वह चौंक गए। इतने पैसे खर्च करने पर भी खाने के आर्डर में स्वच्छता नहीं मिली। नामी रेस्तरां में हाइजीन की कसौटी पर सवालिया निशान लग गए। उन्होंने सैंडविच का फोटो एक्स पर पोस्ट कर एप और रेस्तरां प्रबंधन को टैग कर आपत्ति जताई। रेस्तरां प्रबंधन की ओर से प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि मामले को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं। अपनी गुणवत्ता टीम के साथ गहनता से जांच कर रहे हैं। रेस्तरां की रसोई को जांच के लिए चिह्नित किया है। पीड़ित से संपर्क करे कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। उधर जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में प्रमुख समाचार “आनलाइन ट्रैवल कार्ड में इंजीनियर ने गवाए अपडेट कराने 9.63 लाख” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि नोएडा सेक्टर 78 सनसाइन हिलोज सोसायटी के सेवानिवृत्त इंजीनियर जगत पाल ने इंस्टाग्राम पर ट्रैवल कार्ड अपडेट कराने का विज्ञापन देख अनजान लिंक पर क्लिक कर जानकारी की। अगले दिन ठगों का फोन आने पर एपीके फाइल डाउनलोड कर निजी जानकारी दे दी। ठगों ने बातों में फंसाकर आधे घंटे में 15 बार में 9.63 लाख रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज आने पर पीड़ित को ठगी का पता चला। इंजीनियर ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस मामले में जांच कर रही है। सेवानिवृत्त इंजीनियर जगत पाल के पास अमेरिकन एक्सप्रेस का ट्रैवल कार्ड उपयोग करते हैं। उन्होंने आठ जुलाई को इंस्टाग्राम पर कार्ड अपडेट करने संबंधी विज्ञापन देखा। खुद का भी कार्ड अपडेट कराने को लिए क्लिक कर जानकारी प्राप्त करनी चाही, लेकिन एक दो स्टेप के बाद लिंक खुलना बंद हो गया। अगले दिन उनके पास एक काल आई। काल करने वाले ने खुद को कंपनी कर्मी बताया। उसने कार्ड का आनलाइन आवदेन करने के लिए एक लिंक भेजा। उन्होंने ठग के बताए निर्देशानुसार फार्म भर दिया। जैसे जैसे कहता जाता। इंजीनियर वैसे-वैसे करते जाते। तकनीकि दिक्कत आने की बात कहकर कई बार आवेदन भरवाए, लेकिन वह यह नहीं समझ पाए कि आरोपित उनके बैंक खाते से रकम निकाल रहा है। करीब आधे घंटे बाद ठग की काल समाप्त हो गई।
कुछ देर बाद देखा कि मोबाइल में कुछ दिक्कत आ रही है। उन्होंने अपना मोबाइल बंद कर चालू किया तो बैंक खाते से 9.63 लाख रुपये कटने के 15 मैसेज थे। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पीड़ित का दावा है कि ठगों ने नेटबैकिंग का एक्सेस प्राप्त कर रकम को निकाली। साइबर थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ठगी की रकम वाले बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है।
Noida News: