कांशीराम कालोनी के निवासियों ने प्राधिकरण पर बोला धावा, किया प्रदर्शन
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 04:13 PM
नोएडा (चेतना मंच)। नोएडा प्राधिकरण द्वारा सैकड़ों लोगों की जन भावनाओं से खिलवाड़ करते हुए सेक्टर 45 स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी की जमीन बिल्डर को बेचने के खिलाफ उठा जनआक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को सैकड़ों कॉलोनीवासी बसों में सवार होकर नोएडा प्राधिकरण के गेट पर पहुंचे तथा वहां जमकर धरना-प्रदर्शन किया। खबर लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था।
कॉलोनी वासियों को आने-जाने में भी हो रही दिक्कत
कांशीराम कॉलोनी वासियों का कहना है कि 2010 में शासन ने गरीबों के लिए सेक्टर-45 में कांशीराम आवासीय कॉलोनी बनाई थी। उसके पास ही कांशीराम कॉलोनी के विस्तार तथा विद्यालय, सड़क व अन्य निर्माण के लिए तकरीबन 20 हजार वर्ग मीटर जमीन छोड़ रखी थी, लेकिन नोएडा प्राधिकरण ने करीब 19290 वर्गमीटर जमीन दिल्ली के एक बिल्डर को बेच दी। बिल्डर ने न सिर्फ जमीन पर कब्जा करके निर्माण शुरू कर दिया, बल्कि कांशीराम कॉलोनी के सिक्योरिटी गार्ड रूम को भी तोड़ दिया तथा कॉलोनी के गेट को भी बंद कर दिया। जिससे कॉलोनी वासियों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है।
सीईओ तथा पुलिस और प्रशासन से कर चुके शिकायत
कॉलोनी के लोगों ने सीईओ के अलावा पुलिस तथा प्रशासन के अधिकारियों से भी शिकायत की थी, लेकिन उन्हें कहीं भी न्याय नहीं मिला। अंत में परेशान होकर कॉलोनी के लोगों ने बिल्डर द्वारा बंद किए गए गेट को तोड़ दिया तथा सैकड़ों की संख्या में धरने पर बैठ गए। आज सभी कॉलोनीवासाी बस में सवार होकर नोएडा प्राधिकरण के कार्यालय पर प्रदर्शन करने पहुंचे। खबर लिखे जाने तक कॉलोनीवासियों का प्रदर्शन जारी था।
ग्रेटर नोएडा – नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।