
Noida News (चेतना मंच)। बेखौफ चोरों ने अलग-अलग स्थान पर चोरी की तीन घटनाओं को अंजाम दिया। चोर चार लैपटॉप, मोबाइल फोन, नगदी व जेवरात को चोरी कर ले गए। थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के रायपुर खादर में बने साहिल अपार्टमेंट में चोरों ने एक कमरे से तीन लैपटॉप चोरी कर लिए।
मूल रूप से लुधियाना पंजाब के रहने वाले हरदीदार सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह अपने दो अन्य दोस्तों के साथ साहिल अपार्टमेंट में किराए पर रह रहे हैं। बीते 22 अक्टूबर की सुबह वह ऑफिस का काम करने के बाद सो गए। इस दौरान कमरे का दरवाजा खुला रह गया। जब वह करीब 12 बजे सो कर उठे तो उन्हें कमरे में रखे तीन लैपटॉप बैग गायब मिले। उन्होंने आसपास लैपटॉप की तलाश की लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
थाना सेक्टर-58 में सेक्टर-117 स्थित यूनिटेक सोसाइटी में रहने वाले विनय जोशी ने लैपटॉप चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। विनय जोशी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह बीते 25 सितंबर की शाम को अपने ऑफिस से घर लौट रहे थे। वह अपने दोस्तों के साथ सेक्टर-62 के एक रेस्टोरेंट में खाना खाने बैठ गए। कुछ देर बाद जगह खाना खाकर उठे तो पास में ही रखा उनका लैपटॉप गायब था।
वहीं थाना फेस-1 क्षेत्र के नयाबांस गांव में रहने वाली अंजलि ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि बीते 20 अक्टूबर को उनके कमरे से चोरों ने दो मोबाइल फोन एक लैपटॉप एक टैबलेट तथा घर में रखे जेवरात चोरी कर लिए। घटना के समय परिजन घर से बाहर गए हुए थे। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पीडि़तों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और चोरों की तलाश की जा रही है।
ग्रेटर नोएडा में एटीएम बूथ में मदद करने के बहाने जालसाज ने एक व्यक्ति का क्रेडिट कार्ड बदल दिया। जालसाज ने बदले गए एटीएम कार्ड से 246600 रूपये निकाल लिए। पीडि़त ने अज्ञात जालसाज के खिलाफ थाना बीर्टा-2 में मुकदमा दर्ज कराया है।
सेक्टर 151 स्थित जेपी अमन सोसायटी में रहने वाले हिमांशु अग्रवाल ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह कमर्शियल बेल्ट स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गया था एटीएम से कार्ड स्वैप करने के बाद भी पैसे नहीं निकल रहे थे। इस दौरान एटीएम बूथ में खड़े एक युवक ने उनकी मदद के बहाने धोखाधड़ी से एटीएम कार्ड बदल दिया। पैसे ना निकलने पर वह एटीएम बूथ से वापस अपने घर आ गए। कुछ समय बाद उनके मोबाइल फोन पर एचडीएफसी बैंक के खाते से ट्रांजेक्शन होने के मैसेज आने लगे। पांच बार की ट्रांजैक्शन में उनके खाते से 246600 रूपये निकाल लिए गए। हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने इसकी जानकारी तुरंत बैंक को देकर अपने एटीएम कार्ड को ब्लॉक कराया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी से पैसे निकालने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल कर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।