
नोएडा क्राइम न्यूज : उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा शहर में चोरों ने कई बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पिछले 24 घंटे के दौरान चोरों ने जहां लोगों के मोबाइल और नकदी पर हाथ साफ किया, वहीं दूसरी ओर मकान का ताला तोड़ कर नकद रुपये और कीमती सामान भी चोरी कर लिया।
थाना सूरजपुर क्षेत्र के कस्बे में किराए पर रहने वाले लोगों के कमरे से चोरों ने 7 मोबाइल फोन, नगदी व अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। सभी पीड़ित सैमसंग कंपनी में काम करते हैं और घटना के वक्त अपने कमरे में सोए हुए थे। मूल रूप से बदायूं निवासी योगेंद्र कुमार ने बताया कि वह और उसके साथी दानवीर, भुवनेश, दिव्यांश, भारत सिंह, अरविंद कुमार व राजेश कुमार सैमसंग कंपनी में काम करते हैं। सभी लोग सूरजपुर कस्बे में किराए के मकान में रह रहे हैं। बीते 10 अक्टूबर को वह ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने कमरे में सो रहे थे।
तड़के करीब 3 बजे अज्ञात चोरों ने कमरे के दरवाजे की कुंडी खोलकर कमरे में रखें 7 मोबाइल फोन, नगदी व अन्य सामान चोरी कर लिया। सुबह जब वह सो कर उठे तो उन्हें कमरे में सामान अस्त व्यस्त और मोबाइल व अन्य सामान गायब मिला। उन्होंने जब सीसीटीवी फुटेज देखी तो उसमें कुछ लोग उनके कमरे की कुंडी खोलकर चोरी करते हुए दिखाई दिए। थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ितों द्वारा उपलब्ध कराई गई सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
नोएडा के थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सेक्टर 43 में चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर नगदी, जेवरात व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के समय गृह स्वामी अपने परिजनों के साथ मार्केट में खरीदारी करने गया था। सेक्टर 43 ए ब्लॉक में रहने वाले राहुल कुमार ने बताया कि वह 13 अक्टूबर को अपनी पत्नी व बच्चों के साथ शाम के समय बाजार गया था।
करीब एक घंटे बाद जब वह बाजार से वापस लौटे तो उन्हें मकान का गेट खुला हुआ मिला। भीतर जाने पर सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा हुआ था। राहुल कुमार के मुताबिक चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसकी पत्नी की ज्वैलरी तथा 20 हजार रूपये व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच पड़ताल कर रही है।
नोएडा के थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सेक्टर 41 में चोरों ने कार का शीशा तोड़कर कैमरा, लेंस, लैपटॉप, एलईडी लाइट, वॉयरलैस माइक व अन्य सामान चोरी कर लिया। मूल रूप से ग्राम दौलतपुर जानसठ जनपद मुजफ्फरनगर निवासी नावेद आलम ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह बीते दिनों अपने परिचित से मिलने के लिए सेक्टर 41 आया था।
उसने अपनी बलेनो कार सड़क किनारे खड़ी कर दी और परिचित से मिलने चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो उसे कार का शीशा टूटा हुआ मिला। कार में रखा डीएसएलआर कैमरा, लेंस कार की चाबी, एलईडी लाइट, वॉयरलैस माइक,नगदी व अन्य सामान गायब था। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज को खंगाला जा रहा है।