
Sealdah Rajdhani Express Firing: सियालदह से नई दिल्ली आ रही सियालदह राजधानी एक्सप्रेस में एक यात्री द्वारा अचानक फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। यात्री द्वारा चलती ट्रेन में फायरिंग किए जाने से ट्रेन में सवार तमाम यात्री सहम गए। हालांकि रेलवे पुलिस ने फायरिंग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और ट्रेन से नीचे उतार दिया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सियालदह से नई दिल्ली आ रही सियालदह राजधानी एक्सप्रेस के बी 8 कोच में सवार हरविंदर सिंह ने अचानक से फायरिंग शुरू कर दी। हरविंदर सिंह द्वारा अचानक से फायरिंग किए जाने से ट्रेन के कोच में सवार सभी यात्री बुरी तरह से सहम गए। हरविंदर ने कोच के शौचालय के पास खड़े होकर अपने पिस्टल से फायरिंग की।
फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे रेलवे पुलिस के जवानों ने उसे हिरासत में ले लिया और ट्रेन से नीचे उतार दिया। बताया जाता है कि आरोपी हरविंदर सेना का पूर्व सैनिक है और सिख रेजिमेंट का जवान रह चुका है। रिटायरमेंट के बाद वो धनबाद में किसी सिक्योरिटी कंपनी में काम कर रहा है। आरोपी हरविंदर सिंह धनबाद से ट्रेन की बी-8 बोगी में सवार हुआ था।
हरविंदर सिंह को नई दिल्ली का सफर करना था, नशे में होने की वजह से हावड़ा राजधानी की बजाय वो सियालदह राजधानी में चढ़ गया। सीट न मिल पाने की वजह से वो बी-8 बोगी के शौचालय के बगल से खड़ा हो गया। यात्रा के दौरान हरविंदर के पास एक लाइसेंसी रिवॉल्वर भी थी। आशंका व्यक्त की जा रही है कि इसी दौरान वो लड़खड़ाकर गिर गया और गोली चल गई या फिर उसकी रिवॉल्वर किसी वजह से ट्रेन की फर्श पर गिर गई, जिसकी वजह से गोली चली।
फिलहाल पुलिस गोली चलने के असल कारणों का पता लगा रही है और वो रेल पुलिस की गिरफ्त में है। आरोपी हरविंदर को देर रात ही मेडिकल के लिए भेज दिया गया। मेडिकल होने के बाद उसे धनबाद लेकर आया जाएगा। धनबाद के रेल थाने में ही उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज करने की तैयारी हो रही है। मामले पर हरविंदर का कहना है कि गोली गलती से चली है उसने जानबूझकर नहीं चलाई। साल 2019 में वो सेना से रिटायर हुआ था।