Noida News: नोएडा-ग्रेटर नोएडा झपकी आने से तेज रफ्तार में जा रही कार अंनियंत्रित होकर बाउंड्रीवाल तोड़कर 25 फीट नीचे गहरे गड्डे में जा गिरी। कार में च पेट में स्कूटी और बाइक सवार हो गए। दोनों दुपहिया वाहनों पर सवार लोग घायल हो गए। वहीं कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची नोएडा पुलिस सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर रोड पर लगे जाम को खुलवाया। घटना नोएडा के थाना सेक्टर-39 क्षेत्र की है।
बाउंड्रीवाल से टकराया होंडा सिटी सवार
ग्रेटर नोएडा में रहने वाला चालक मंगलवार को नोएडा में किसी काम से आया था। वह अपनी होंडा सिटी कार से नोएडा एक्सप्रेसवे होते हुए ग्रेटर नोएडा स्थित अपने घर जा रहे थे। नोएडा एक्सप्रेसवे होते हुए वह हाजीपुर अंडरपास के पास पहुंचे थे, तभी उनकी कार अचानक से अनियंत्रित हो गई। गति इतनी तेज थी कि गाड़ी एक्सप्रेसवे के किनारे बाउंड्रीवाल को तोड़ती हुई 25 फीट नीचे हाजीपुर अंडरपास की तरफ पलटती हुई सड़क पर गिरी। नोएडा एक्सप्रेसवे से नीचे गिरने से कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना देखकर मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची नोएडा पुलिस ने घायल को कार से बाहर निकाला और निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
कार की चपेट में आने से बाइक और स्कूटी सवार घायल
जब कार डिबाइडर से टकराकर नीचे गिर रही थी, तभी बाइक सवार शिवम बंसल निवासी ग्रेटर नोएडा और स्कूटी चालक पंकज कुमार निवासी हाजीपुर वहां से गुजर रहे थे। वह होंडा सिटी कार की चपेट में आकर घायल हो गए। उनके वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि तीनों के शरीर के कई हिस्से में चोट लगी पर सिर वाला हिस्सा सुरक्षित रहा। राहगीरों की मदद से घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसा होने के बाद व्यस्त सड़क होने के नाते जाम लग गया। चिकित्सकों का कहना है कि कार चालक समेत तीनों घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
लोग करीब दस मिनट तक जाम में फंसे रहे। क्षतिग्रस्त कार, स्कूटी और बाइक को घटनास्थल से हटवाया गया, इसके बाद आवागमन शुरू हुआ।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ घटना का वीडियो
घटनास्थल के कुछ वीडियो भी बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कार क्षतिग्रस्त हो गई है और कांच टूटकर नीचे बिखरा हुआ है। स्कूटी और बाइक सवार भी घायल दिख रहे हैं पुलिस का कहना है कि मामले में अभी तक शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं आशंका जताई जा रही है कि झपकी आने से कार चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो गया होगा। हादसे के कारणों की पुलिस जानकारी जुटा रही है।