नोएडा में शहीद भगत सिंह की जयंती पर शौर्य समर्पण कार्यक्रम आयोजित हुआ। युवाओं और सामाजिक संगठनों ने श्रद्धांजलि दी और सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन का नाम भगत सिंह के नाम पर रखने की मांग उठाई।

Noida News : भारत के नागरिकों के लिए अमर स्वतंत्रता सेनानी हमेशा हीरो रहे हैं तथा हमेशा हीरो रहेंगे। नोएडा शहर में रहने वाले प्रबुद्ध नागरिक जानते हैं कि भारत माता के वीर सपूत ही उनके असली हीरो हैं। यही कारण है कि 29 सितंबर 2026 को नोएडा के तमाम प्रमुख सामाजिक संगठनों, राजनेताओं तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मिलकर अपने हीरो को पूरी शिद्दत के साथ याद किया। नोएडा के नागरिकों ने शहर के सेक्टर-33 में स्थित महाराजा अग्रसेन भवन ‘‘शौर्य समर्पण कार्यक्रम’’ आयोजित करके अपने हीरो को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
नोएडा के सेक्टर-33 में स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित ‘‘शौर्य समर्पण कार्यक्रम’’ में बोलते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के भूतपूर्व मंत्री मदन चौहान ने कहा कि शहीदे-आजम सरदार भगत सिंह वास्तविक मायने में प्रत्येक भारतवासी के असली हीरो हैं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अपना जीवन बलिदान करने वाले क्रांतिकारियों का योगदान आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है। इस दौरान भारतीय सेना के सलाहकार दीपक शंखधर ने कहा कि युवा क्रांति सेना और गौरी शिक्षा फाउंडेशन की ओर से जल्द ही मांग उठाई जाएगी कि नोएडा के सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन का नाम शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह के नाम पर रखा जाए। सेक्टर-33 स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित कार्यक्रम में शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर उनके विचारों और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में समाज, शिक्षा, खेल और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली युवा प्रतिभाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को ‘यूथ आइकन अवार्ड्स-2026’ से सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को केवल इतिहास की तारीखों तक सीमित रखने के बजाय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, विचार और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण से परिचित कराया जाना चाहिए। इसके साथ ही शहर की प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थलों का नामकरण स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के नाम पर करने तथा विभिन्न स्थानों पर महान क्रांतिकारियों की प्रतिमाएं स्थापित करने की मांग भी उठाई जाएगी। वक्ताओं ने यह भी मांग रखी कि स्कूलों के पाठ्यक्रम में शहीद भगत सिंह और अन्य महान क्रांतिकारियों की जीवनी तथा उनके विचारों को उचित स्थान दिया जाए, ताकि युवा पीढ़ी देश के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और उसके मूल्यों से जुड़ सके।
कार्यक्रम में बी.एस. मेमोरियल पब्लिक स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों के माध्यम से शहीद भगत सिंह के त्याग, साहस और राष्ट्रप्रेम को याद किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में राष्ट्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
‘शौर्य समर्पण कार्यक्रम’ में सामाजिक क्षेत्र, खेल और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली युवा प्रतिभाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को यूथ आइकन अवार्ड्स-2026 प्रदान किए गए। सामाजिक क्षेत्र में डॉ. महिपाल सिंह, विजेंदर गोस्वामी, मोनू चौहान और सोनू राणा को सम्मानित किया गया।
खेल के क्षेत्र में पैरा इंडियन आर्चर पूजा कुमारी एवं तनिष्का, साइक्लिस्ट प्रदीप कुमार, रेयांश वर्मा, बालम सिंह खानी, कुणाल यादव, पर्वतारोही प्रिया कुमारी, टिया बतरा और पूनम यादव को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि देश के शहीदों को याद करने के साथ-साथ वर्तमान समय में समाज और देश का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करना भी कार्यक्रम का महत्वपूर्ण उद्देश्य था।
कार्यक्रम में जगद्गुरु सतीशाचार्य जी महाराज तथा न्यायमूर्ति अनिल यादव (बनारस) ने शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री मदन चौहान और सांसद प्रतिनिधि संजय बाली ने भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर अमर शहीद को नमन किया। नोएडा के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में युवा क्रांति सेना के रणपाल अवाना, दीपक शंखधर, अविनाश सिंह, लोकेश चौहान, राजेश अम्बवता, सतीश गुप्ता, अर्जुन प्रजापति, अंकुर शर्मा, प्रशांत यादव, बाबू प्रधान, अनूप चतुर्वेदी, आशीष शर्मा, भव्य वैद सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, खिलाड़ी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
‘शौर्य समर्पण कार्यक्रम’ में उठी मांगों ने एक बार फिर यह सवाल सामने रखा कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति को सार्वजनिक स्थानों, शिक्षा और युवा गतिविधियों के माध्यम से किस प्रकार नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए। नोएडा में आयोजित कार्यक्रम में शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ उनके नाम को शहर की सार्वजनिक पहचान से जोड़ने की मांग भी सामने आई। Noida News :
विज्ञापन