
अयोध्या राम मंदिर : नोएडा क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता नरेश जोतवानी ने एक बड़ी घोषणा की है। उत्तर प्रदेश में भारतीय सिंधु सभा के अध्यक्ष नरेश जोतवानी ने इस घोषणा में कहा है कि सिंधी समाज 31 अक्टूबर को अयोध्या के राम मंदिर में पवित्र माटी (रज) समर्पित करेगा।
आपको बता दें कि 5 अगस्त 2020 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर का भूमि पूजन किया था। मंदिर का भूमि पूजन करने के अवसर पर अपने संबोधन में पीएम... मोदी ने एक खास आहवान किया था। इस आह्वान में PM मोदी ने कहा था कि राम मंदिर के निर्माण में देश के हर कोने से सभी मंदिरों से पवित्र मिटटी (रज) को लाकर समर्पित किया जाए। उनके आश्वासन के बाद यह सिलसिला लगातार चल रहा है।
भारतीय सिंधु सभा उत्तर प्रदेश (पंजीकृत) के प्रदेश अध्यक्ष नरेश जोतवानी ने चेतना मंच को बताया कि 31 अक्टूबर को सिंधी समाज देश और विदेश के सिंधी मंदिरों, टिकाणों, दरबारों की पवित्र माटी को श्री राम मंदिर निर्माण में द्यसमर्पित करने के लिए अयोध्या जाएगा।
उन्होंने कहा कि अप्रैल 2023 को समाजसेवी श्रीकांत भाटिया और अशोक अंशवानी के साथ मिल कर हमने अयोध्या में यह संकल्प लिया था कि ‘आदरणीय यशस्वी प्रधानमंत्री जी द्वारा अयोध्या में 05 अगस्त 2020 को देशवासियों से किए गए आह्वान के दृष्टिगत पवित्र माटी को शीघ्र अति शीघ्र देश विदेश से एकत्रित करवा मंदिर में समर्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
श्री जोतवानी ने बताया कि पिछले 5 माह से देश विदेश के कई प्रमुख समाजसेवियों,राम भक्तों के सहयोग से पवित्र माटी एकत्रीकरण का अभियान जोर शोर से चल रहा है। वही संस्था के प्रदेश महासचिव विजय पुरस्वानी उत्तर प्रदेश से एकत्रित पवित्र माटी ले कर पहुचेंगे।
सर्व सिंधी समाज के सभी प्रभु श्री राम के भक्त 31 अक्टूबर 2023 को दिन में 1:00 बजे अयोध्या पहुंचकर पवित्र रज (माटी) को *प्रभु श्री राम के चरणों* में समर्पित करने के कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य के भागी बनेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूज्य शिव शांति आसूदाराम आश्रम,लखनऊ के साईं मोहनलाल जी होंगे।
आपको बता दें कि अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में जल्दी ही प्राण प्रतिष्ठा (उदघाटन) की जाएगी। प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि PM नरेन्द्र मोदी रहेंगे। इस कार्यक्रम को भव्य व दिव्य बनाने की तैयारी शुरू की जा चुकी है।