Noida News: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। नतीजतन सड़क हादसे में एक की मौत हो गई, वहीं महिला समेत छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद नोएडा की पुलिस ने पीड़ित परिजनों की शिकातय पर एफआईआर दर्ज कर चालकों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मां-बेटी को स्कूल बस ने मारी टक्कर
नोएडा के डुप्लेक्श बिला सेक्टर 135 में नवीन कुमार रहते हैं। नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में दर्ज एफआईआर में उन्होंने बताया कि 14 जुलाई की दोपहर उनकी पत्नी आकांक्षा पुनिया बेटी आदया(7) को स्कूल से स्कूटी पर सवार होकर घर आ रही थी, तभी रास्ते में मिलेनियम स्कूल की बस ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए पत्नी की स्कूटी में टक्कर मार दी। इसमें मां-बेटी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। नोएडा पुलिस से शिकायत की गई। सूचना मिलते ही नोएडा पुलिस मौके पर पहुंची। नोएडा पुलिस की मदद से दोनों को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दोनों की हालत गंभीर है।
सड़क हादसे में महिला समेत तीन घायल
नोएडा के सेक्टर-18 में कर्मवीर अवाना रहते हैं। उन्होंने बताया कि नोएडा के अट्टा पीर से फुटपाथ पर चलते हुए 15 जुलाई को दूध लेने जा रहा था, तभी रांग साइड से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक तीन के रहने वाले रविंद्र कुमार ने बताया कि वह 23 अप्रैल को अपनी बाइक से किसी काम के लिए घर से निकला था। उनकी बाइक में पत्नी भी साथ में थी। रास्ते में एक कार चालक ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी। वह और पत्नी दोनों घायल हो गए।
झपकी आने से उबर कैब डिबाइडर से टकराई, दो घायल
ग्रेटर नोएडा के खानपुर के रहने वाले विपिन ने बताया कि वह अपने दोस्त आशुतोष वर्मा के साथ 19 जून को दिल्ली एयरपोर्ट से उबर कैब पर सवार होकर ग्रेटर नोएडा जा रहे थे। तड़के करीब पांच बजे नोएडा एक्सप्रेसवे पर चालक को झपकी आने लगी, वह बार-बार चालक को साइड में गाड़ी करने के लिए कह रहे थे, लेकिन चालक उनकी बात नहीं सुन रहा था। उसके बावजूद भी वह गाड़ी को दौड़ा रहा था। जिसके चलते नोएडा एक्सप्रेसवे पर ही उबर डिबाइडर से टकरा गई। हादसे में उनका दोस्त आशुतोष वर्मा और ड्राइवर घायल हो गया। दोनों को वह निजी अस्पताल लेकर गए। जहां पर इलाज कराने के बाद चालक उबर कैब लेकर फरार हो गया।
डंपर की टक्कर से सुपरवाइजर ने दमतोड़ा
नोएडा की एक निजी कंपनी में बतौर सुपरवाइजर गजेंद्र तिवारी तैनात थे। उनकी ड्यूटी ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी में चल रही थी। बीती 21 जून को ड्यूटी के दौरान खाना लेने के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में डंपर के चालक ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए गजेंद्र को टक्कर मार दी। घटना के बाद डंपर नोएडा की ओर फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची नोएडा पुलिस ने देखा कि गजेंद्र खून से लथपथ पड़ा हुआ था। उन्हें नोएडा पुलिस पास के ही एक निजी अस्पताल में लेकर गई, जहां पर उन्हें डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।