Srikant Tyagi Noida Case : राकेश टिकैत ने किया त्यागी समाज का खुला समर्थन, कहा सरकार कर रही है दबंगई
भारत
चेतना मंच
14 Aug 2022 08:45 PM
Sisoli / Noida : सिसौली/नोएडा। प्रसिद्ध किसान नेता व भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत (Rakesh Tikait) ने कहा है कि उत्तर प्रदेश की सरकार पुलिस के बल पर दबंगई करके प्रदेश के सामाजिक ताने-बाने को खत्म करना चाहती है। यह स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
श्री टिकैत ने चेतना मंच (Chetna Manch ) के साथ एक एक्सक्लूसिव (Exclusive ) भेंट में यह बात कही। वे नोएडा में हुए श्रीकांत त्यागी प्रकरण(Srikant Tyagi case) पर बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश में पुलिसिया राज स्थापित कर दिया है। यह सरकार पुलिस व दूसरी सरकारी एजेंसियों का खुलेआम दुरूप्रयोग कर रही हैं। श्री टिकैत ने साफ कहा कि प्रदेश को दबंगई के बल पर चलाने का प्रयास किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि श्रीकांत त्यागी के मामले में भी यही हुआ है। महिला के विरूद्ध अपराध में दबंगई दिखाने के चक्कर में सरकार व नोएडा पुलिस यह भी भूल गई कि इस घटना का अंजाम सामाजिक ताना-बाना टूटने के रूप में सामने आ सकता है। अब जिस प्रकार की कोशिशें हो रही हैं उससे न केवल सामाजिक अव्यवस्था फैल सकती है बल्कि सामाजिक टकराव के हालात बनने का खतरा भी पैदा हो सकता है।
चेतना मंच द्वारा पूछे जाने पर श्री टिकैत ने कहा कि त्यागी समाज बेहद प्रतिष्ठित और सभ्य समाज है। इस समाज ने देश को एक से बढ़कर एक प्रतिभाएं दी हैं। ऐसे में यदि कुछ बुद्धिहीन लोग समाज के विरूद्ध अनाप-शनाप बोलेंगे तो समाज को अपनी बात तो कहनी ही चाहिए। उन्होंने बताया कि त्यागी समाज में अभी तक किसी आंदोलन आदि के समर्थन आदि की कोई बात उनसे नहीं की है। किन्तु किसान यूनियन तो साफ तौर से सर्वसमाज के साथ की ही तरह त्यागी समाज के पूरी तरह साथ है। जहां भी जरूरत पड़ेगी हम वहीं खड़े मिलेंगे।