
Noida News : उत्तर प्रदेश की हाईटेक सिटी नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हाईराइज सोसायटियों में भी आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। नोए़डा सेक्टर-168 की गोल्डन पाम सोसायटी में शुक्रवार को आवारा कुत्तों ने एक महिला और उसके पालतू कुत्ते पर हमला कर दिया। इस महिला ने अपने कुत्ते को तो बचा लिया, लेकिन कुत्तों ने उनके पैर पर काट लिया। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
आरोप है कि सोसायटी में सोसायटी में कुत्तों को दूध पिलाने के लिए स्थान का निर्धारण किया गया है, लेकिन इसके बावजूद लोग आवारा कुत्तों को पाथवे और बेसमेंट में फीडिंग कराते हैं। सोसायटी में 6 से 7 आवारा कुत्ते हैं, जो आए दिन लोगों को अपना शिकार बनाते हैं।
सोसायटी के एओए अध्यक्ष दीपेंद्र चौधरी ने बताया कि शुक्रवार की अपराह्न करीब 3 बजे एक महिला अपने पालतू कुत्ते को घुमा रही थीं। इसी दौरान एक आवारा कुत्ते ने उनके पालतू कुत्ते पर हमला किया। महिला ने तुरंत अपने पालतू कुत्ते को उठाकर गोद में ले लिया। इसके बाद दो और कुत्ते वहां पर आ गए। इनमें से एक कुत्ते ने महिला के पैर पर काट लिया। घटना के बाद महिला ने एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
सोसायटी के एओए अध्यक्ष ने बताया कि सोसायटी में दो फीडिंग पॉइंट बनाए गए हैं। इसके बाद भी सोसायटी के कुछ लोग पाथवे और बेसमेंट में फीडिंग करने का काम कर रहे हैं। सोसायटी में 6 से 7 आवारा कुत्ते हैं, जो लोगों पर हमलावर होते हैं। अथॉरिटी और पुलिस से भी बीते एक साल में 6 से ज्यादा लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई हल नहीं निकाला।