नोएडा के निठारी गांव में एक किसान परिवार में जन्मे बेटे ने अपनी कड़ी मेहनत, ईमानदारी और देश की सेवा करने के जज्बे के बल पर देश की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाने वाली सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फोर्स (CRPF) में बड़ा पद हासिल किया है। किसान के इस बेटे की उपलब्धि पर जहां पूरे परिवार में खुशी व जश्न का माहौल है। वहीं नोएडा के इस बेटे की उपलब्धि पर शहर का हर नागरिक गर्व से सर ऊंचा कर रहा है। Noida News
CRPF में बनाये गये डीआईजी, निठारी में हर्ष का माहौल
निठारी गांव निवासी एवं सीआरपीएफ के कमांडेंट नरेश शर्मा की पदोन्नति हुई है। उन्हें सीआरपीएफ का डीआईजी बनाया गया है। नरेश शर्मा के डीआईजी बनने पर उनके परिवार, गांव व क्षेत्र में व्यापक खुशी है। नरेश शर्मा के डीआईजी बनने पर उनके परिजनों को बधाइयां मिल रही हैं। लोगों का कहना है कि नरेश शर्मा ने निठारी गांव सहित क्षेत्र का नाम रोशन किया है। निठारी गांव के निवासी चंद्रभान शर्मा के यहां वर्ष 1970 में नरेश शर्मा का जन्म हुआ। वह चार भाइयों में सबसे बड़े हैं। नरेश शर्मा के छोटे भाई संजय शर्मा जनपद गौतमबुद्धनगर दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के सदस्य एवं वरिष्ठ अधिवक्ता हैं, जबकि उनके दो अन्य भाई प्रमोद एवं राजीव उद्यमी हैं। Noida News
शिक्षा और करियर की प्रेरणादायक यात्रा
नरेश शर्मा के भाई एवं वरिष्ठ अधिवक्ता संजय शर्मा ने बताया कि वह शुरू से ही मेधावी छात्र थे। बचपन से ही उनमें देश सेवा का जज्बा कूट-कूट कर भरा हुआ था। अपनी प्रारंभिक शिक्षा के दौरान ही उन्होंने देश की सेवा में जाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसे पूरा करने के लिए वह दिन रात कड़ी मेहनत से अपनी पढ़ाई करते थे। नरेश शर्मा ने सदर सराय स्थित भवानी शंकर इंटर कॉलेज से 12वीं कक्षा पास करने के बाद मेरठ यूनिवर्सिटी से बीएससी की। वर्ष 1995 में वह यूपीएससी द्वारा आयोजित परीक्षा उत्तीर्ण कर सीआरपीएफ में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर नियुक्त हुए थे। माउंट आबू में ट्रेनिंग करने के पश्चात उन्हें मणिपुर में पहली पोस्टिंग मिली थी। करीब 7 वर्ष बाद वह सीआरपीएफ में डिप्टी कमांडेंट बने। Noida News
डिप्टी कमांडेंट के रूप में उन्होंने विशाखापट्टनम में अपनी सेवाएं दी। वर्ष 2008 में वह सेकंड इन कमांड (टूआईसी) के पद पर पदोन्नत हुए और उनका ट्रांसफर चंडीगढ़ हो गया। वर्ष 2015 में उन्हें सीआरपीएफ में कमांडेंट बना कर भुवनेश्वर भेजा गया। इसके बाद उन्होंने डेपुटेशन पर करीब 6 साल तक दिल्ली एवं मानेसर में नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) के ग्रुप कमांडर के पद पर अपनी सेवाएं दी। अपने इस सेवा काल के दौरान उन्होंने कई अहम ऑपरेशन में भी हिस्सा लिया। हाल ही में उन्हें सीआरपीएफ में डीआईजी के पद पर पदोन्नति किया गया है।
वर्तमान में वह उड़ीसा में पोस्टेड हैं। डीआईजी नरेश शर्मा के एक पुत्र और एक पुत्री है। उनके बड़े बेटे यूएस में पीएचडी कर रहे हैं और उन्हें स्कॉलरशिप मिली हुई है। उनकी बेटी ने डीयू से हाल ही में अपना ग्रेजुएशन पूरा किया है। नरेश शर्मा के डीआईजी बनने पर उनके परिजनों व निठारी गांव में हर्ष व्याप्त है। निठारी गांव के ग्रामीणों का कहना है कि नरेश शर्मा बचपन से ही प्रतिभाशाली, मेहनती मृदुभाषी थे। डीआईजी नरेश शर्मा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से गांव व क्षेत्र का मान सम्मान बढ़ाया है। उनकी यह कामयाबी क्षेत्र के लिए गौरवमयी है। Noida News