
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के कलेक्ट्रेट के सभागार में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक समिति अध्यक्ष एवं नोएडा (गौतमबुद्धनगर) के सांसद डा. महेश शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
सांसद डा. महेश शर्मा ने विभागीय अधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि भारत सरकार के माध्यम से विकास से संबंधित एवं जन सामान्य को व्यक्तिगत लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार की योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सभी अधिकारी गण अपनी विभागीय जन कल्याणकारी योजनाओं एवं व्यक्तिगत लाभप्रद योजनाओं को पारदर्शिता के साथ संचालित करें। सभी योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार भी विभिन्न माध्यमों से सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थी आगे आकर सरकार की समस्त योजनाओं का भरपूर लाभ उठाते हुए अपने परिवार का आर्थिक विकास को आगे बढ़ा सकें।
सांसद ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए विद्युत विभाग का आह्वान कि उनके द्वारा जनपद में एक वृहद अभियान चलाकर सभी 11000 की विद्युत लाइन का सर्वे कर लिया जाए और जो भी 11000 की विद्युत लाइन जर्जर हालत में है, उनको तत्काल बदलवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक का संचालन डीएम मनीष कुमार वर्मा ने किया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी अपनी विभागीय योजनाओं के संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी जन प्रतिनिधियों को उपलब्ध करायी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, विधायक जेवर धीरेन्द्र सिंह, विधायक दादरी तेजपाल नागर, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली व अन्य जनप्रतिनिधि गण, मुख्य विकास अधिकारी जर्नांदन सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी सुनील शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी चमन शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेन्द्र बहादुर सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी पूनम तिवारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल कुमार सोनी, जिला पंचायत राज अधिकारी कुंवर सिंह यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या लक्ष्मी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।