Noida News: नोएडा कमिश्नरेट में तैनात पुलिसकर्मी का एक कारनामा सामने आया है। पुलिसकर्मी एक शख्स की बाइक जबरन उसके घर से उठा ले गया। हैरानी की बात है कि बाइक को उठाने से पहले नोएडा में तैनात पुलिसकर्मी ने पीड़ित की बाइक का लॉक भी तोड़ दिया और पास में ही मौजूद मिस्त्री से स्टार्ट कराकर ले गया। पीड़ित बार-बार मिन्नतें करता रहा, लेकिन पुलिसकर्मी ने उसकी एक न सुनी। अब पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर आॅफिस में की है।
सर्फाबाद चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी पर बाइक उठाने का आरोप
पीड़ित लब मंडल ने बताया कि नोएडा के थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सर्फाबाद चौकी पर तैनात तीन-चार पुलिसकर्मी 15 जुलाई की रात को फेस वन थाना क्षेत्र स्थित उनके सेक्टर-9 स्थित घर के समीप किसी चोर को पकड़ने के सिलसिले में आया था। वह चोर की तलाश में जुटे हुए थे, जब उन्हें चोर नहीं मिला, तो पास में ही खड़ी उनकी बाइक का हैंडल तोड़ दिया और बगल के मिस्त्री से स्टार्ट कराकर ले जाने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो भी वह नहीं माने। आरोप है कि जाते समय पुलिसकर्मी उन्हें धमकी देते हुए गए हैं कि यदि बाइक के चक्कर में पड़ता है, तो उसको जेल में डाल दिया जाएगा। डरा सहमा पीड़ित चुप रह गया। अब पीड़ित ने नोएडा पुलिस के उच्च अधिकारियों से मामले की शिकायत की है।
बाइक से कोई घटना होती है, तो कौन होगा जिम्मेदार ?
पीड़ित ने बताया कि पुलिस कर्मी उसकी बाइक उनके घर से उठा ले गए हैं। यदि बाइक से कोई घटना-दुर्घटना होती है, तो इसके लिए कौन जिम्मेदार होगा। बाइक को ले जाए हुए करीब पांच दिन हो चुके हैं। वह कई बार चौकी पर गए, वहीं पर बाइक उनकी खड़ी हुई है। ऐसे में उन्हें आशंका है कि पुलिस कर्मी उनकी बाइक का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसे में पुलिस के अधिकारियों से उन्होंने मांग की है कि उनकी बाइक दिलवाई जाए। जिससे वह अपनी बाइक को सुरक्षित अपने पास रख सकें।
बाइक नहीं मिलती है, तो लीगल कार्रवाई करेगा पीड़ित
पीड़ित ने नोएडा की सर्फाबाद चौकी पर तैनात एक पुलिसकर्मी का अपनी शिकायत पत्र में बाइक ले जाने का आरोप लगाया है। उसने निवेदन किया है कि उनकी बाइक वापस कर दी जाए, नहीं तो वह पुलिसकर्मी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा। पुलिस कमिश्नर के पीआरओ का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर जांच की जा रही है। इस मामले में जो भी नियमानुसार कार्रवाई होगी, वही की जाएगी। Noida News