जिले में ऑपरेशन कवच 2.0 अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन कर दौड़ने वाली निजी बसों के खिलाफ सघन जांच शुरू की गई है। पहले दिन सोमवार को परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम ने 21 निजी बसें जब्त की हैं।

जिले में ऑपरेशन कवच 2.0 अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन कर दौड़ने वाली निजी बसों के खिलाफ सघन जांच शुरू की गई है। पहले दिन सोमवार को परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम ने 21 निजी बसें जब्त की हैं।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे, सेक्टर 37 समेत अन्य स्थानों पर जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान 30 सितंबर तक चलेगा। इसमें अनधिकृत और नियम-विरुद्ध संचालित होने वाली बसों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। पकड़ी गई सभी बसें दिल्ली से शुरू होकर बिहार, उत्तर प्रदेश के तमाम शहरों समेत अन्य क्षेत्रों के लिए जा रही थीं। बसों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाना, कुछ बसों का परमिट नहीं होना, परमिट शर्त का उल्लंघन करते हुए सड़क पर कहीं भी बस रोककर सवारी उतारना और बैठाना, बस में व्यावसायिक सामान ढोना समेत अन्य नियमों का उल्लंघन शामिल है।
एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडे ने कहा कि जब्त की गई इन सभी 21 बसों का गहन तकनीकी निरीक्षण किया जाएगा। ऑटोमोटिव उद्योग मानक-119 मानकों के अनुरूप पूरी तरह फिट और सुरक्षित पाए जाने के बाद ही इन बसों को छोड़ा जाएगा। नियमनुसार इन पर जुर्माना भी किया जाएगा। बसों को मोरना स्थित नोएडा डिपो और ग्रेटर नोएडा में रखा गया है। रात में भी जांच अभियान चलेगा। उन्होंने कहा कि लोग भी वैध और सुरक्षित वाहनों से ही यात्रा करें।
विज्ञापन