
Noida News (चेतना मंच)। लाल परी (शराब) का नशा दो युवकों के सिर ऐसा चढ़ा कि उन्होंने नशे में पुलिस को बाइक व स्कूटी चोरी होने की सूचना दे दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर जांच पड़ताल की। पुलिस की पड़ताल में चोरी की दोनों सूचनाए झूठी निकली। थाना फेस वन पुलिस ने चंद घंटे के अंतराल में ही बाइक व स्कूटी को बरामद कर लिया। पुलिस अब झूठी सूचना देने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।
थाना प्रभारी धु्रव भूषण दुबे ने बताया कि बुधवार की रात नोएडा के सेक्टर-3 डी ब्लॉक स्थित एक कंपनी में रहने वाले शुभम चौहान ने डॉयल-112 पर सूचना दी कि कंपनी के बेसमेंट में खड़ी उसकी स्कूटी चोरी हो गई है। सूचना के आधार पर गोल चक्कर चौकी प्रभारी सुनील यादव मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को शुभम चौहान शराब के नशे में प्रतीत हुआ। पुलिसकर्मियों ने शुभम से पूछताछ की और स्कूटी तलाशने में जुट गए। थाना प्रभारी के मुताबिक कुछ देर बाद शुभम चौहान ने पुलिस को बताया कि उसकी स्कूटी कंपनी से कुछ दूर खड़ी मिल गई है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शुभम चौहान ने उक्त स्कूटी किराये पर ली थी और उसने पिछले काफी समय से स्कूटी का किराया भी नहीं दिया है। इसके अलावा इस्माइलपुर विनयनगर फरीदाबाद हरियाणा निवासी रंजीत पुत्र सीताराम ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि वह अपनी स्प्लेंडर बाइक से अमिताभ पार्क आया था। उसने अपनी स्प्लेंडर बाइक पार्क के बाहर खड़ी कर दी और भीतर चला गया। पार्क में खाना खाने के बाद जब वह बाहर आया तो उसे स्प्लेंडर बाइक गायब मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तो पता चला कि रंजीत शराब के नशे में था। पुलिस ने रंजीत द्वारा बताए गए बाइक नंबर के आधार पर तलाश शुरू की। करीब 10 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने पीडि़त द्वारा बताए गए घटनास्थल से कुछ दूरी पर ही बाइक को बरामद कर लिया। चोरी की झूठी सूचनाओं से पुलिस कई घंटे तक हलकान रही।
नोएडा के निठारी गांव में खेलने के दौरान तीसरी मंजिल से गिरकर घायल हुई बच्ची ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत के बाद से उसके परिजन गमगीन है। मूल रूप से पश्चिम बंगाल निवासी गोपाल सरकार अपने परिजनों के साथ निठारी गांव में किराए पर रह रहा है। बीते 5 दिसंबर की शाम को उसकी साढ़े तीन साल की बेटी लक्ष्मी सरकार तीसरी मंजिल पर खेल रही थी। खेल-खेल में वह तीसरी मंजिल से नीचे जमीन पर आ गिरी। गंभीर स्थिति में परिजन बच्ची को उपचार के लिए सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उपचार के दौरान बुधवार की देर रात बच्ची ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।