Noida Breaking News: कुख्यात माफ़िया राजकुमार शर्मा को 34 साल बाद मिली बड़ी सजा
भारत
RP Raghuvanshi
14 Jun 2022 12:59 AM
भारत
RP Raghuvanshi
14 Jun 2022 12:59 AM
Noida : औद्योगिक नगरी नोएडा में लंबे समय से चर्चित रहे कुख्यात माफिया को पूरे 34 साल बाद अदालत ने सजा सुनाई है ।गाजियाबाद की जिला कचहरी ( सिविल कोर्ट )में कार्यरत वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल कुमार त्यागी ने चेतना मंच को यह जानकारी दी है ।
श्री त्यागी ने बताया कि 21 जनवरी 1988 को राजकुमार शर्मा पुत्र चंद्रभान शर्मा निवासी चौड़ा रघुनाथपुर थाना सेक्टर 24 नोएडा ने अपने साथियों के साथ मिलकर ओमपाल पुत्र श्रीचंद नामक युवक की हत्या कर दी थी । हत्या के इस मामले में राजकुमार को अदालत द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी । उस मामले में यह माफिया जमानत पर बाहर था ।राजकुमार शर्मा द्वारा उक्त घटना के चश्मदीद गवाह राजेश्वर प्रसाद के ऊपर 27 मार्च 1988 को सिर में चाकू मारकर जानलेवा हमला कर दिया गया था ।
इस मामले में गाजियाबाद की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई चल रही थी ।इसी घटना में 34 साल 2 महीने 13 दिन बाद न्यायालय फास्टट्रैक (प्रथम )गाजियाबाद की कोर्ट के जज माननीय श्री जयवीर सिंह नागर द्वारा फैसला सुनाया गया है । राजकुमार शर्मा को इस अपराध में धारा 307 भारतीय दंड संहिता के तहत दोषी मानते हुए जिला कारागार भेज दिया गया है । राजकुमार शर्मा की सजा की अवधि के प्रश्न पर अदालत ने बताया कि धारा 307 आईपीसी में 8 साल की सजा तथा धारा 452 आईपीसी में 5 साल की सजा का फैसला किया गया है । इस मुकदमे में सरकारी अधिवक्ता व वादी के भी अधिवक्ता मुकुल कुमार त्यागी द्वारा शानदार पैरवी की गई ।
राजकुमार शर्मा पुत्र चंद्रभान शर्मा पहले भी अन्य मुकदमों में दिल्ली नोएडा एवं गाजियाबाद की जेलों में बंद रह चुका है । यहां यह तथ्य विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि यह राजकुमार शर्मा नामक व्यक्ति एक शातिर अपराधी व माफिया किस्म का अपराधी बताया जाता है । इसके कारनामों के अनेक किस्से चेतना मंच समाचार पत्र में पहले भी प्रकाशित हो चुके हैं ।