
Tomato Price in Noida: मौसम की मार से जहां किसान परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर टमाटर के बढ़े दामों से उनके चेहरे पर रौनक भी साफ दिखाई दे रही है। आम और खास की थाली का स्वाद बढ़ाने वाले टमाटर के दामों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। शुक्रवार को दिल्ली एनसीआर में टमाटर के दाम जहां 100 से 120 रुपये प्रति किलो बिक रहा है, वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में टमाटर के रेट 160 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।
आपको बता दें कि अचानक बढ़े टमाटर के दामों से पूरे देश में हाय तौबा मची है। यूपी की राजधानी लखनऊ की बात करें तो जो टमाटर 20 से 40 रुपये के भाव में बिक - रहा था, आज वो 160 रुपये के आंकड़े को पार कर गया है। दुकानदारों की माने तो अचानक बारिश और धूप की वजह से हुई टमाटर और अन्य सब्जियों के दामों में बढ़ोत्तरी हुई है।
बात यदि नोएडा समेत दिल्ली एनसीआर की जाए तो नोएडा में टमाटर के दाम एक सौ रुपये को पार कर गए हैं। वहीं दिल्ली की मंडी में टमाटर 120 रुपये के करीब पहुंच गया है। आपको बता दें कि गौतमबुद्धनगर की दादरी और दनकौर मंडी में सब्जियों की आवक होती है। इन दोनों मंडियों से ही पूरे जनपद में सब्जियों की खपत होती है।
शुक्रवार को यहां पर टमाटर के दामों में बढ़ोत्तरी बनी रही और दो दिन पहले तक जो टमाटर 60 से 65 रुपये बिक रहा था, वहीं आज वह 100 रुपये किलो बिक रहा है। एक उपभोक्ता अनिल कुमार ने बताया कि भंगेल की सब्जी मंडी में टमाटर 100 रुपये किलो की दर से खरीदकर अपने घर लाए थे। Tomato Price in Noida