ट्रैक्टर सवार बदमाशों ने पुलिस पर चलाई गोली, बची जान
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 12:21 PM
नोएडा से ट्रैक्टर चोरी करने वाले गैंग का थाना सेक्टर-24 पुलिस ने पर्दाफास किया है। घेरा-बंदी के दौरान ट्रैक्टर सवार दो बदमाशों ने पुलिस पर गोली चलाई, तो पुलिस ने भी फायर झोंक दी। नोएडा पुलिस की गोली लगने से गैंग का सरगना घायल हो गया, जबकि उसके साथी को नोएडा पुलिस ने घेराबंदी के दौरान दबोच लिया। दोनों बदमाश नोएडा में रेकी करने के बाद ट्रैक्टर समेत अन्य वाहनों की चोरी करते थे। बदमाशों के कब्जे से चोरी का ट्रैक्टर-ट्राली, तमंचा और कारतूस समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। Noida News
नोएडा में हुई बदमाशों से मुठभेढ़
नोएडा जोन के एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि बीते दिनों सेक्टर-24 थानाक्षेत्र से एक ट्रैक्टर चोरी हो गया था। बदमाशों को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया गया। रविवार रात 12 बजे के करीब नोएडा सेक्टर-24 थाने की पुलिस ने चेकिंग के दौरान एनटीपीसी की तरफ से एक ट्रैक्टर पर सवार दो व्यक्ति आते हुए देखा। नोएडा पुलिस ने दोनों को रुकने के लिए इशारा किया, लेकिन आरोपी ट्रैक्टर को अचानक से मोड़कर सर्विस रोड पर भगाने लगे। पुलिस की टीम को देखकर ट्रैक्टर सवारों ने सेक्टर-54 के जंगल की तरफ छोड़ा और भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया, उन्होंने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर करना शुरू कर दिया। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायर की, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान पीलीभीत के विशनपुर निवासी वीरेंद्र कश्यप के रूप में हुई है। 34 वर्षीय वीरेंद्र वर्तमान में दिल्ली के त्रिलोकपुरी में रह रहा है। अंधेरे का फायदा उठाकर घायल बदमाश का साथी फरार हो गया। करीब 15 मिनट की घेराबंदी के बाद टीम ने उसे भी दबोच लिया। उसकी पहचान शाहजहांपुर के निगोही निवासी 55 वर्षीय जसवंत सिंह के रूप में हुई है।
नशे के आदी हैं दोनों बदमाश
नोएडा जोन के एसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि वीरेंद्र कश्यप उर्फ बिंदु नशे का आदी है और बीते एक दशक से चोरी की वारदात कर रहा है। वह 2016 में चोरी के आरोप में जेल जा चुका है। जेल में रहकर उसका अन्य अपराधियों से संपर्क हुआ और वह चोरी के नए-नए तरीके सीखकर बाहर आया। जसवंत भी नशे का आदी है। ऐसे में उसका संपर्क आसानी से वीरेंद्र से हो गया। वारदात के तरीकों के बारे में दोनों बदमाशों ने बताया कि वे दिन में कमरा किराये पर लेने का बहाना करके विभिन्न सेक्टरों और सोसाइटियों के पास मंडराते रहते हैं और रेकी करते हैं। सुनसान जगहों पर अगर कोई वाहन संदिग्ध हालत में खड़ा मिलता है तो उसे रात में चुराने की बदमाश योजना बनाते हैं।
लॉक तोड़कर चुराते हैं वाहन
बदमाशों द्वारा लॉक तोड़कर वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता है। इसके अलावा दोनों बदमाश रेकी कर घरों में भी चोरी करते हैं। जिस समय बदमाशों का पुलिस से आमना-सामना हुआ वे चोरी के ट्रैक्टर को बेचने के लिए जा रहे थे। घायल वीरेंद्र के खिलाफ बरेली, शाहजहांपुर और नोएडा के अलग-अलग थानों में आठ और जसवंत सिंह पर दो केस शाहजहांपुर और पीलीभीत के थानों में दर्ज हैं। दोनों बदमाशों ने नोएडा के अलावा दिल्ली समेत अन्य राज्यों और शहरों में भी वारदात की है। Noida News