
स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा इंतज़ामों के बीच नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली जाने वाले मार्गों पर विशेष डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। 15 अगस्त तक चिल्ला बॉर्डर, कालिंदी कुंज और डीएनडी से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने होंगे। खासतौर पर भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर सख्त पाबंदी रहेगी। Noida Samachar
लाल किले पर ध्वजारोहण और उससे पहले की रिहर्सल के मद्देनज़र, सुरक्षा कारणों से ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। DCP ट्रैफिक लखन सिंह यादव ने बताया कि 12 अगस्त रात 10 बजे से 13 अगस्त की रिहर्सल खत्म होने तक, और फिर 14 अगस्त रात 10 बजे से 15 अगस्त के ध्वजारोहण समारोह समाप्त होने तक, किसी भी मालवाहक वाहन को नोएडा से दिल्ली प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
चिल्ला बॉर्डर: दिल्ली जाने वाले वाहन चिल्ला रेड लाइट से यूटर्न लें और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से आगे बढ़ें।
डीएनडी बॉर्डर: डीएनडी टोल प्लाजा से यूटर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और फिर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का उपयोग करें।
कालिंदी कुंज बॉर्डर: यमुना नदी से पहले अंडरपास तिराहा से डायवर्ट होकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के रास्ते जाएं।
यमुना एक्सप्रेसवे: जीरो प्वाइंट से परी चौक, पी-3, कासना और सिरसा होकर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से आगे बढ़ें।
परी चौक से दिल्ली: परी चौक से पी-3, कासना और सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करें।
पुलिस ने साफ किया है कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। नोएडा से दिल्ली और दिल्ली से नोएडा आने-जाने वाले सभी वाहनों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से लाल किले और उसके आसपास के इलाकों की ओर न जाएं और निर्धारित मार्गों का पालन करें। Noida Samachar