Twin Tower: संशय समाप्त, एडिफिस को मिली पुलिस से एनओसी
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 11:35 AM
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 11:35 AM
Noida : नोएडा । ट्विन टॉवर (twin tower) को ध्वस्त करने के लिए पुलिस एनओसी को लेकर चल रहा संशय खत्म हो गया है। सुपरटेक के दोनों टावर (सियान और एपेक्स) को तोडऩे के लिए पुलिस ने एडिफिस इंजीनियरिंग को नो आब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) दे दिया है। अब एडिफिस कंपनी पलवल से विस्फोटक को ला सकेगी। इसके लिए उसे नोएडा पुलिस एस्कॉट देगी।
यह जानकारी पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) राम बदन सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि दिए गए प्रारूप पर एडिफिस ने मंगलवार देर रात नोएडा पुलिस को अपना जवाब दे दिया था। जिसके बाद क्लियरेंस देते हुए उनको एनओसी जारी की गई।
ट्विन टॉवर को तोडऩे के लिए 3700 किलो विस्फोटक लाया जाना है। ये विस्फोटक प्रत्येक 15 दिनों तक पलवल से नोएडा सेक्टर-93ए लाया जाएगा। इसमें दो गाडिय़ां होंगी। एक डेटोनेटर और दूसरी विस्फोटक की। सुरक्षा के लिहाज से विस्फोटक किसी रास्ते से और कितने बजे लाया जाएगा इसे गोपनीय रखा गया है।
दोनों टावरों में करीब 10 हजार सुराख किए गए है। इनमें विस्फोटक भरने का काम सिर्फ दिन में किया जाएगा। शाम होने के साथ ही बचा हुआ विस्फोटक वापस पलवल भेज दिया जाएगा। ये प्रक्रिया लगातार 15 दिनों तक चलेगी। इसके बाद दोनों इमारतों को सील कर दिया जाएगा।
विस्फोटक लगाने का काम शुरू होते ही पूरे एरिया को सीसीटीवी सर्विलांस मोड पर रखा जाएगा। किसी का प्रवेश बिना नोडल अधिकारी की अनुमति के नहीं होगा। आने जाने वालों का पास चेक किया जाएगा साथ ही इमारत के पास किसी को भी नहीं आने दिया जाएगा।