
UP IPS Transfer/ नोएडा। उत्तर प्रदेश की सरकार द्वारा पिछले दो दिनों से आईपीएस (IPS) अफसरों के तबादले किए जा रहे हैं। रविवार की देर रात जहां 14 आईपीएस अफसरों के तबादले किए गए थे, वहीं सोमवार की देर रात फिर से एक सूची जारी कर दी गई। इस सूची में नोएडा (गौतमबुद्धनगर जनपद) की डीसीपी महिला सुरक्षा डा. मीनाक्षी कात्यायन को भदोही जिले की कमान सौंपी गई है। उन्हें भदोही जनपद की पुलिस अधीक्षक बनाकर भेजा गया।
यूपी शासन की ओर से सोमवार की देर रात ट्रांसफर सूची जारी की गई। सूची के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक यूपी 112 लखनऊ डा. ए. एलिजरसन को संयुक्त पुलिस आयुक्त, पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी भेजा गया है। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस उपायुक्त विनीत जायसवाल को अब चंदोली जनपद का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में बतौर डीसीपी महिला सुरक्षा तैनात डा. मीनाक्षी कात्यायन को अब पुलिस अधीक्षक जनपद भदोही की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पुलिस अधीक्षक भदोही अनिल कुमार द्वितीय को पुलिस अधीक्षक चंदोली बनाया गया है।
ट्रांसफर आदेश में कहा गया है कि जिन जनपदों में कांवड यात्रा चल रही है, वहां के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक प्रतिस्थानी के आगमन के उपरांत ही नवीन तैनाती स्थल के लिए प्रस्थान करेंगे। अन्य सभी अधिकारी तुरंत नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर शासन को अवगत कराएंगे। UP IPS Transfer List