Up News : यूपी-112 रेस्पांस टाइम में 11वीं बार प्रथम आया जिला
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:53 AM
Noida / Lucknow: नोएडा/ लखनऊ। यूपी डॉयल-112 रेस्पॉन्स टाइम में गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने एक बार फिर बाजी मारते हुए 11वीं बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर सात बार पीआरवी ऑफ डे का खिताब भी प्राप्त कर चुका है।
पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह के पीआरओ पंकज कुमार ने बताया कि वर्तमान में रोजाना विभिन्न समस्याओं से संबंधित लगभग 400 से 500 कॉल प्राप्त होती हैं। कॉल मिलने के पश्चात कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर से डायल 112 से चार पहिया व दोपहिया पीआरवी को मौके पर भेजकर पीडि़तों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि मई माह में कुल 18,393 सूचना प्राप्त हुई जिन पर पीआरवी द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई कर पीडि़तों को सहायता प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर में 6 महिला पीआरवी चलती हैं। हाईवे पर सुरक्षा एवं त्वरित रेस्पॉन्स के लिए चार पीआरवी ईस्टर्न पेरिफेरल तथा दो पीआरवी यमुना एक्सप्रेस वे पर संचालित हो रही हैं। मई माह में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में शहरी क्षेत्र में पीआरवी का रेस्पांस टाइम 4 मिनट 39 सेकंड तथा देहात क्षेत्र में पीआरवी का रेस्पांस टाइम 6 मिनट 20 सेकंड का रहा है। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का मई माह का एवरेज रेस्पांस टाइम 5 मिनट 42 सेकंड का रहा है। उन्होंने बताया कि पीआरवी की उत्तम कार्य शैली, तकनीकी सहायता तथा कॉलर को जल्द से जल्द सहायता प्रदान करने के लिए पीआरवी कर्मियों को समय-समय पर 18 दिवसीय फ्रेशर तथा प्रत्येक 6 माह के अंतराल में सभी पीआरवी कर्मियों को नौ दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की पुलिस लाइन में कराया जाता है।
पीआरओ पंकज कुमार ने बताया कि 30 अप्रैल को थाना जेवर क्षेत्र मैं युवती द्वारा आत्महत्या के प्रयास की सूचना पर पीआरवी तत्काल मौके पर पहुंची और नहर में कूद गई युवती को पुलिसकर्मियों ने साहस का परिचय देते हुए बाहर निकाला। पीआरवी ने युवती से जानकारी ली तो पता चला कि पारिवारिक विवाद के कारण वह आत्महत्या करने के लिए नहर में कूदी थी। पीआरवीकर्मियों ने युवती को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल को ही थाना बीटा दो क्षेत्र में एक्सीडेंट की मौखिक सूचना पर पीआरवी तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से घायल पड़े 5 लोगों को तत्काल पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने अस्पताल में भर्ती कराया और उनके परिजनों को सूचना दी। इसके अलावा सूचना मिलने पर अनेक मामलों को पीआरवीकर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सुलझाने में अहम भूमिका निभाई है।