
Uttar Pradesh: अपनी मां से मिलने के लिए नोएडा आ रहे भाई बहन की एक सड़क हादसे में मौत हो गई। इस हादसे में मृतकों की बड़ी बहन गंभीर रुप से घायल हो गई, जिसे लखनऊ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
अंबेडकर नगर जिले में जहांगीर नगर के गिरैया बाजार केदरूपुर निवासी शेषनाथ की 22 वर्षीय बेटी नेहा अपने छोटे भाई 18 वर्षीय अविनाश और छोटी बहन 16 वर्षीय साक्षी को लेकर स्कूटी से भंगेर सेक्टर 82 नाेएडा आ रही थी। नोएडा में रहकर उनकी मां साधना प्राइवेट नौकरी कर रही हैं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार अपराह्न 12 बजे उन्नाव के औरास क्षेत्र के लोधाटीकुर गांव के सामने नेहा को नींद की झपकी आ गई और अनियंत्रित स्कूटी किनारे लगी लोहे की फेसिंग से टकरा गई।
स्कूटी की रफ्तार लगभग 80 किमी प्रतिघंटा होने से नेहा उछलकर फेसिंग पार करते हुए खाई में जा गिरी, वहीं, एंगल में सिर टकराने से अविनाश व सड़क पर सिर के बल गिरी साक्षी की मौके पर मौत हो गई। पीआरवी ने घायल नेहा को लखनऊ के ट्रामा सेंटर भिजवा दिया है।
यूपीडा व पीआरवी कर्मियों ने बताया कि हेलमेट स्कूटी में टंगा था जबकि घायल नेहा ईयर फोन लगाया था। थाना प्रभारी राज कुमार ने बताया कि स्वजन को हादसे की जानकारी दी गई है। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।