
Noida News : देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ सोमवार को नोएडा के एमिटी विश्वविद्यालय में आयोजित अखिल भारतीय विश्वविद्यालय वार्षिक सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। यह महत्वपूर्ण आयोजन सेक्टर-125 स्थित एमिटी परिसर में होगा, जिसमें देशभर के 300 से अधिक कुलपति, निदेशक और उच्च शिक्षा के विशेषज्ञ भाग लेंगे। सम्मेलन की थीम ‘भविष्य की उच्च शिक्षा की कल्पना: भारत की महत्वपूर्ण भूमिका’ निर्धारित की गई है।
उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए नोएडा प्रशासन और पुलिस-प्रशासन ने चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सुबह 7 बजे से भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगाई गई है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें। साथ ही, किसी भी आपात या जानकारी के लिए यातायात हेल्पलाइन नंबर 9971009001 भी सक्रिय किया गया है।
सम्मेलन को लेकर जिला पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने सभी डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। सूत्रों के अनुसार, उपराष्ट्रपति का आगमन तय है, लेकिन प्रशासनिक अधिकारी इस बाबत सार्वजनिक रूप से पुष्टि करने से बच रहे हैं। सम्मेलन के दौरान भारत की उच्च शिक्षा प्रणाली की दिशा और भविष्य को लेकर गहन मंथन होगा। इसके साथ ही भारत की वैश्विक भूमिका को लेकर भी नई सोच और नीतियों पर विचार किया जाएगा। उपराष्ट्रपति की मौजूदगी इस सम्मेलन को विशेष महत्व प्रदान कर रही है। Noida News