
Vivek Bindra case : उत्तर प्रदेश के नोएडा में मोटिवेशनल स्पीकर और बिजनेस कोच विवेक बिंद्रा द्वारा अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने के मामले नोएडा की थाना सेक्टर 126 पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। रविवार को नोएडा के थाना 126 की पुलिस टीम ने विवेक बिंद्रा की सोसायटी में जाकर जांच की और घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। विवेक बिंद्रा की पत्नी यानिका की मेडिकल रिपोर्ट भी पुलिस को मिल गई है। उधर, सोमवार यानि आज यानिका के परिजन इस मामले में नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के बड़े अफसरों से मुलाकात करेंगे।
बिजनेस कोच और मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसायटी में रहते हैं। पत्नी यानिका के साथ मारपीट की घटना इसी सोसायटी में होना बताई जा रही है। इस मामले में नोएडा के थाना सेक्टर 126 की पुलिस की टीम रविवार को सोसायटी पहुंची और मारपीट से संबेधित जानकारी जुटाई। इस दौरान पुलिस ने सोसायटी में लगे सीसी टीवी फुटेज भी देखे।
आपको बता दें कि 14 दिसंबर 2023 को गाजियाबाद निवासी वैभव ने कोतवाली सेक्टर 126 में अपने बहनोई विवेक बिंद्रा के खिलाफ बहन के साथ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप लगाया गया था कि बिंद्रा और यानिका की शादी 6 दिसंबर को हुई थी। शादी के बाद दोनों नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा वेस्ट रेजीडेंसी में रह रहे हैं। शादी के अगले दिन ही सात दिसंबर को विवेक बिंद्रा अपनी मां प्रभा से झगड़ा कर रहे थे।
इस बात को लेकर नवविवाहिता पत्नी यानिका ने बीच बचाव करने का प्रयास किया तो विवेक ने उसे कमरे में बंद कर दिया। गाली गलौज करते हुए विवेक ने यानिका को इस दौरान बुरी तरह से पीटा। मारपीट की वजह से उनकी पत्नी यानिका के पूरे शरीर पर घाव हैं। कान से सुनाई नहीं पड़ रहा है। बाल नोंचने की वजह से महिला के सिर में भी घाव है। नोएडा जोन के डीसीपी हरीश चंदर का कहना है कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। अन्य तरह के साक्ष्यों का भी संकलन हो रहा है।