नोएडा में कार के अंदर शराब पीने के दौरान एसी चलाकर दो दोस्तों की दम घुटने से हुई मौत के मामले में एक नया खुलासा मंगलवार को हुआ है। जब दोनों दोस्त कार के अंदर बैठकर शराब पी रहे थे, तो उस समय पत्नी लगातार अपने पति को फोन कर रही थी, लेकिन पहले तो मृतक ने कई बार फोन काट दिया। जब वह नशे में ज्यादा हो गया, तो वह फोन उठाने में असमर्थ था। ऐसे शराब पीते-पीते कार की सीएनजी खत्म हो गई और दोनों की दमघुटने से मौत हो गई। ऐसे में यदि पत्नी का मृतक फोन उठा लेता, तो शायद उसकी मौत न होती। Noida News
80 बार किया था पत्नी ने फोन
नोएडा में सेक्टर-62 स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट आॅफ बॉयोलॉजी के पास रविवार दोपहर दो बजे के करीब कार के अंदर दो व्यक्तियों की लाश मिलने के मामले में नोएडा पुलिस को अहम जानकारी मिली है। दावा है कि मृतक सचिन की पत्नी ने रविवार शाम से सोमवार दोपहर तक के बीच उसके मोबाइल पर 80 पर कॉल की। कॉल नहीं उठने पर उसे पति के साथ अनहोनी होने की आशंका सता रही थी। दोनों मृतकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट बुधवार तक आने की संभावना जताई जा रही है। जिसमें मौत के कारणों से नोएडा पुलिस पर्दा उठाएगी।
परिजन कई बार कार के पास से गुजरे
पत्नी के लगातार फोन करने के बावजूद पत्नी आरती का सचिन फोन नहीं उठा रहा था। ऐसे में रात करीब 12 बजे से परिजनों ने सचिन को तलाशना शुरू कर दिया। जहां पर कार खड़ी कर दोनों मृतक शराब पी रहे थे। वहां से कई बार परिजन गुजरे पर उन्हें यह उम्मीद नहीं थी कि कार के अंदर ही सचिन और लक्ष्मी शंकर की मौत हो चुकी है। दोनों मृतकों के घर पर मंगलवार को मातम पसरा रहा। सचिन घर से तीन हजार रुपये लेकर निकला था। आंशका है दोनों शराब के ठेके पर गए होंगे। शराब की बोतल और गिलास बाहर कही फेंक दिए होंगे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को सचिन और लक्ष्मी के शव का पोस्टमार्टम किया गया है। रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।
दम घुटने से मौत की आशंका नोएडा पुलिस ने जताई
प्राथमिक जांच में दम घुटने से ही दोनों की मौत होने की आशंका जताई गई है। क्योंकि शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे। सचिन के पास मोबाइल और कुछ पैसे भी थे। कपड़े भी अस्त-व्यस्त नहीं है। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही जांच का एंगल क्या होगा ये तय किया जाएगा। कार जहां खड़ी थी वहां और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे है। ताकि इन दोनों ने सोमवार सुबह से रात तक क्या किया और कहां-कहां गए इसकी जानकारी मिल सके। जिस समय खिड़की तोड़कर कार के अंदर से दोनों का शव निकाला गया शरीर पर कई मक्खी भिनभिना रहीं थीं। ऐसे में आशंका है कि दोनों की मौत कई घंटे पहले ही हो गई थी। Noida News