Delhi Mayor Election : दिल्ली में मेयर चुनाव से पहले बवाल, आप का हंगामा, पार्षदों के बीच धक्का-मुक्की
Uproar before the Mayor election in Delhi, AAP's uproar, scuffle between councilors
भारत
चेतना मंच
06 Jan 2023 06:14 PM
नई दिल्ली। बीते दिनों हुए एमसीडी चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत के बाद आज मेयर का चुनाव हो रहा है। आम आदमी पार्टी के पास एमसीडी के सदन में बहुमत है। ये जानते हुए भी बीजेपी ने अपना मेयर उम्मीदवार उतारा है। वहीं, कांग्रेस ने चुनाव में वोटिंग से खुद को बाहर करने का फैसला किया है। आप ने मेयर पद के लिए शैली ऑबेरॉय तो बीजेपी ने रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है।
दिल्ली में MCD इलेक्शन के बाद आज यानी 6 जनवरी 2023 को मेयर पद का चुनाव हो रहा है। इसके साथ-साथ डिप्टी मेयर और स्टैंडिंग कमेटी के मेंबर्स भी चुने जाएंगे। वोटिंग से पहले पार्षदों का शपथ ग्रहण होना है, लेकिन इससे पहले सदन में AAP पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान धक्का मुक्की भी हुई। आप पार्षद मनोनीत सदस्यों को पहले शपथ दिलाने का विरोध कर रहे हैं। इससे पहले आम आदमी पार्टी ने एलजी द्वारा मेयर चुनाव के लिए बीजेपी की पार्षद सत्या शर्मा को पीठासीन अधिकारी नियुक्त करने पर आपत्ति जताई। उधर, कांग्रेस ने इस चुनाव में वोटिंग में हिस्सा न लेने का फैसला किया है।
आम आदमी पार्टी नंबर गेम में बीजेपी से कहीं आगे है। विधानसभा में संख्या बल के आधार पर 14 में से 13 नामित विधायक AAP के हैं, जो मेयर चुनाव में वोट डालेंगे। 10 सांसदों को भी वोटिंग अधिकार है, जिसमें 7 बीजेपी के हैं और 3 राज्यसभा सांसद आप के हैं।
Delhi Mayor Election
कुल जिन 274 चुने हुए नुमाइंदों को वोटिंग का अधिकार है, उसमें 150 की संख्या आम आदमी पार्टी के पास है। जबकि भारतीय जनता पार्टी के पास महज 113 वोट हैं। बीजेपी ने मेयर चुनाव के लिए सानियर नेता रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है, जो कि तीसरी बार पार्षद बनी हैं। बीजेपी नंबर गेम में भले पीछे है, लेकिन एमसीडी में दलबदल कानून लागू नहीं होता है और ना ही कोई व्हिप काम करता है।